Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने युवाओं को लोकतंत्र को मजबूत बनाने, जनसेवा और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। बता दें आज शुक्रवार को लखनऊ स्थित जन भवन (Jan Bhavan) में इंडियन स्कूल ऑफ डेमोक्रेसी संस्था (Indian School of Democracy Organization) के 50 प्रतिभागियों ने राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट की है। इस दौरान विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। बातचीत में पंचायत लोकतंत्र, जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी, प्राथमिक शिक्षा, आंगनबाड़ी व्यवस्था, महिला एवं बाल स्वास्थ्य, रोजगार, कौशल विकास और जल संरक्षण जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।
राज्यपाल ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों को उन लोगों का विश्वास भी जीतना चाहिए, जिन्होंने उन्हें वोट नहीं दिया। साथ ही, उन्होंने गुजरात में अपने चुनावी अनुभव साझा करते हुए बताया कि जिन क्षेत्रों में उन्हें कम वोट मिलते थे, वहां के लोगों से मिलकर समस्याएं समझती थीं और विकास कार्यों को प्राथमिकता देती थीं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में बेहतर समन्वय जरूरी है। सड़क, पाइपलाइन और बिजली जैसी सुविधाओं का निर्माण पहले से निर्धारित योजना के अनुसार होना चाहिए, ताकि बार-बार खुदाई से धन और समय बर्बाद न हो।
राज्यपाल ने प्राथमिक शिक्षा और बच्चों के पोषण को खास महत्व दिया। जिसमें उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास की नींव आंगनबाड़ी केंद्रों से शुरू होती है। गर्भवती महिलाओं को संतुलित आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिलनी चाहिए। साथ ही, उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में अब तक करीब 75 हजार आंगनबाड़ी केंद्रों को खेलकूद और अन्य जरूरी सामग्री की किट दी जा चुकी है। आंगनबाड़ी केंद्रों को अस्पतालों से जोड़ने की पहल के तहत लखनऊ के 22 निजी अस्पतालों को भी आमंत्रित किया गया था।
रोजगार के मुद्दे पर राज्यपाल ने युवाओं को कौशल विकास, व्यापार और स्वरोजगार से जुड़ने की सलाह दी। उन्होंने वाराणसी की ग्रीन आर्मी से जुड़ी महिलाओं का उदाहरण दिया, जो नदी में छोड़े गए कपड़ों को साफ करके उपयोगी उत्पाद बनाती हैं और अपनी आजीविका चला रही हैं।
राज्यपाल ने एचपीवी टीकाकरण, जल एवं ऊर्जा संरक्षण और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई, पुस्तकालय में अध्ययन और अनुशासन बनाए रखने की सलाह दी। ऐसे में अंत में उन्होंने कहा कि समाज की समस्याओं का समाधान शांतिपूर्ण संवाद से करना चाहिए। युवाओं को अपने अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी रखते हुए सेवा भाव से काम करना चाहिए।
ये भी पढ़ें: अमेठी में महिला और युवा वोटरों पर फोकस, डीएम ने दिए निर्देश