अमेठी: आगामी नवरात्रि, दुर्गा पूजा, मूर्ति विसर्जन, रामलीला और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अमेठी प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गौरीगंज स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अयोध्या मंडल के मंडलायुक्त राजेश कुमार, अयोध्या परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक सोमेन बर्मा और अमेठी के जिलाधिकारी शशांक चौधरी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, बिजली आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं और मूर्ति विसर्जन स्थलों की तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रशासन ने सभी पूजा पंडालों और रामलीला स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन उपकरण और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले इलाकों के साथ जुलूस मार्गों पर ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखने और सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक सूचनाओं पर नजर बनाए रखने को कहा गया है।
मूर्ति विसर्जन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। विसर्जन स्थलों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, नाव और नाविकों की उपलब्धता सहित अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था समय से पूरी करने पर जोर दिया गया, जिससे विसर्जन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

बैठक में उपजिलाधिकारियों (एसडीएम) और क्षेत्राधिकारियों (सीओ) को प्रतिदिन संयुक्त रूप से क्षेत्र का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लेने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि किसी भी अफवाह या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।
त्योहारों के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, निर्बाध बिजली आपूर्ति और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। प्रशासन का उद्देश्य है कि धार्मिक आयोजनों और जुलूसों के दौरान आमजन को सुरक्षित माहौल मिले तथा सभी कार्यक्रम निर्धारित व्यवस्थाओं के अनुरूप संपन्न हों।
अमेठी प्रशासन और पुलिस ने आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियों पर जोर दिया है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि सुरक्षा और जनसुविधाओं से जुड़े सभी इंतजाम समय रहते पूरे किए जाएं, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था बनी रहे और लोग उत्साह के साथ त्योहार मना सकें।