उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सादाबाद-मथुरा मार्ग पर बुधवार को नौगांव के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। शोकसभा में शामिल होने जा रही महिलाओं से भरी मैक्स गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया तथा घायलों को बाहर निकालने में मदद की। इस हादसे में एक दर्जन से अधिक महिलाएं घायल हो गईं।
सूचना मिलते ही सादाबाद थाना पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सादाबाद ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन महिलाओं की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, मैक्स वाहन में सवार सभी लोग मथुरा जनपद के थाना मगोर्रा क्षेत्र के गांव नगला हमला से सादाबाद क्षेत्र के गांव नगला मोहन जा रहे थे। वे वहां एक महिला के निधन पर आयोजित शोकसभा में शामिल होने जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

हादसे में कमल सिंह की पत्नी, यशोदा, लवली, सरिता, गोलवती, लक्ष्मी देवी, आरती, शकुंतला, कमली, पिंकी और अंगूरी देवी सहित कई महिलाएं घायल हुई हैं। इनमें लवली, सरिता और गोलवती की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक प्रदीप चौधरी, जिला पंचायत सदस्य केशव देव चौधरी और अन्य स्थानीय नेता अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल लिया और बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों को निर्देश दिए।
सादाबाद थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।