नोएडा। पर्थला चौक पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और एफएनजी कॉरिडोर पर जाम की समस्या कम करने के लिए 6 लेन अंडरपास बनाने की योजना तैयार की गई है। नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री कृष्णा करुणेश के निर्देश और मार्गदर्शन में प्रस्तावित परियोजना को तैयार किया गया है।
प्रस्तावित अंडरपास की कुल लंबाई करीब 710 मीटर होगी। इसमें लगभग 110 मीटर का आरसीसी बॉक्स स्ट्रक्चर और 20 मीटर का खुला हिस्सा शामिल रहेगा। अंडरपास तक पहुंचने के लिए दोनों ओर करीब 280-280 मीटर लंबे एप्रोच रोड विकसित किए जाएंगे।
बारिश के दौरान अंडरपास में जलभराव न हो, इसके लिए विशेष ड्रेनेज सिस्टम तैयार किया जाएगा। परियोजना में पानी निकालने के लिए दो संप और पंपिंग व्यवस्था का प्रावधान किया गया है।
इस परियोजना पर करीब 80 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए लगभग 18 महीने की समयसीमा प्रस्तावित की गई है।
पर्थला चौक पर अंडरपास बनने के बाद सेक्टर-66, 71, 121 और 122 की कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। एफएनजी कॉरिडोर पर यातायात का दबाव कम करने के साथ आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने वाले वाहन चालकों को भी राहत मिल सकती है। प्राधिकरण की इस योजना का मुख्य उद्देश्य पर्थला चौक के आसपास यातायात प्रवाह को सुचारु करना और जाम की समस्या को कम करना है।