उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 53वां जन्मदिवस काशी नगरी में श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर शीतला घाट सहित काशी के विभिन्न गंगा घाटों पर धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। भक्तों और कार्यकर्ताओं ने मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।
हिंदू युवा वाहिनी के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और श्रद्धालु शामिल हुए। शीतला घाट पर मां गंगा का विधिपूर्वक पूजन किया गया, उन्हें साड़ी अर्पित की गई और दूध से दुग्धाभिषेक करते हुए उनके चरणों में पुष्प अर्पित किए गए। इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां गंगा की आरती भी की गई, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया।
हिंदू युवा वाहिनी के महानगर अध्यक्ष अंबरीष सिंह भोला ने बताया कि यह दिन दो दृष्टिकोण से बहुत ही विशेष है – एक ओर यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्मदिवस है और दूसरी ओर गंगा दशहरा का पावन पर्व भी इसी दिन मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस पावन अवसर पर मां गंगा का पूजन कर हम सभी ने मुख्यमंत्री योगी जी की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और उनके मजबूत नेतृत्व की कामना की। उन्होंने आगे कहा कि योगी जी ने जिस समर्पण और साहस से उत्तर प्रदेश का नेतृत्व किया है, वह प्रशंसनीय है।
कार्यक्रम में महामंडलेश्वर बालक दास जी की भी विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि योगी आदित्यनाथ न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए एक प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने गंगा मैया और बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना की कि योगी जी को इतना सामर्थ्य दें कि वे भविष्य में राष्ट्र का भी नेतृत्व करें और भारत को ‘विश्व गुरु’ के पद पर प्रतिष्ठित करें।
इस पावन आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और राष्ट्रसेवा का अनोखा संगम देखने को मिला, जहां जनभावनाओं ने एक स्वर में योगी आदित्यनाथ के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।