चंदौली। जनपद में वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद चुनाव-2026 के लिए मतदान जारी है। मतदान प्रक्रिया सुबह 8 बजे शुरू हुई, जो शाम 4 बजे तक चलेगी। प्रशासन ने मतदाताओं की सुविधा और मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं।
चुनाव में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 27,196 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 3,015 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। जिले में मतदान के लिए 10 केंद्रों पर कुल 36 मतदान स्थल बनाए गए हैं।
मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले को 5 जोन और 10 सेक्टर में विभाजित किया गया है। मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारु और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल विभिन्न मतदान केंद्रों का लगातार भ्रमण कर रहे हैं। दोनों अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था और मतदान से जुड़ी तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।जिलाधिकारी ने बताया कि जिले के सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान शुरू हो चुका है। प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
जिला प्रशासन ने मतदाताओं से निर्भीक होकर और शांतिपूर्ण ढंग से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार, मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए आवश्यक निगरानी की जा रही है।