भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज और लखनऊ फाल्कंस के खिलाड़ी भुवनेश्वर कुमार ने उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ‘यूपीसीए स्पीड हंट’ पहल की सराहना करते हुए इसे प्रदेश के युवा तेज गेंदबाजों के लिए बेहतरीन अवसर बताया है। उन्होंने कहा कि यह पहल राज्य के अलग-अलग जिलों से उभरती प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और उन्हें आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है।
भुवनेश्वर कुमार ने कहा कि यूपीटी20 लीग ने पिछले तीन सीजन में अपनी अलग पहचान बनाई है। इस लीग के जरिए कई युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है। उन्होंने शुभम गौतम जैसे खिलाड़ियों का उदाहरण देते हुए कहा कि बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बड़े अनुबंध और आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं, जो अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है।
भुवनेश्वर ने यूपीसीए की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि क्रिकेट एसोसिएशन खिलाड़ियों को मंच उपलब्ध करा रहा है, लेकिन उस अवसर का सही उपयोग करना खिलाड़ियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि वे हर मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें, दबाव से दूर रहें और पूरे समर्पण के साथ अपने खेल पर ध्यान केंद्रित करें।
उन्होंने कहा कि यूपीटी20 जैसी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं अब युवा क्रिकेटरों के लिए आईपीएल तक पहुंचने का अहम रास्ता बन चुकी हैं। पहले खिलाड़ियों के पास सीमित अवसर होते थे, लेकिन अब बड़ी संख्या में प्रतिभाशाली क्रिकेटरों को खुद को साबित करने का मंच मिल रहा है। यूपीटी20 के माध्यम से कई खिलाड़ी आईपीएल तक पहुंचे हैं, जिससे नए खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा है।

यूपीटी20 लीग का चौथा संस्करण इस बार लखनऊ और कानपुर में आयोजित किया जाएगा। भुवनेश्वर कुमार ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि दो शहरों में मुकाबले होने से अधिक दर्शकों को अपनी पसंदीदा टीमों का समर्थन करने का मौका मिलेगा और टूर्नामेंट की लोकप्रियता भी बढ़ेगी। उद्घाटन मुकाबले और शुरुआती चरण के मैच लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होंगे, जबकि प्लेऑफ और फाइनल सहित शेष मुकाबले कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले जाएंगे।
टूर्नामेंट 24 दिनों तक चलेगा, जिसमें कुल 34 मैच खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में 13 डबल-हेडर और 8 सिंगल-हेडर मुकाबले शामिल होंगे। वहीं, क्वालीफायर-1 और एलिमिनेटर 3 सितंबर, क्वालीफायर-2 चार सितंबर और फाइनल मुकाबला 6 सितंबर को कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।