उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का प्रकोप लगातार जारी है। पहाड़ी इलाकों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और हिमालयी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के कारण प्रदेश के मैदानी इलाकों में शीतलहर तेज हो गई है। मौसम विभाग ने आज 7 जनवरी 2026 को प्रदेश के 31 जिलों में शीत दिवस (Cold Day) और घने से अत्यंत घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि उत्तर प्रदेश के दोनों संभागों में आज मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन अधिकांश जिलों में घना से अत्यंत घना कोहरा छाया रहेगा। कई स्थानों पर दृश्यता (विजिबिलिटी) शून्य मीटर तक रहने का अनुमान है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।
घने कोहरे और तेज ठंड के कारण लोग सुबह और शाम के समय घर से निकलने से बच रहे हैं। सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है और दूर-दूर तक कोहरे की सफेद चादर दिखाई दे रही है। ठंड को देखते हुए प्रदेश के कई जिलों में स्कूलों की छुट्टियां बढ़ा दी गई हैं, जबकि कुछ जगहों पर स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है।
मौसम विभाग के मुताबिक बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, बलिया, मऊ, गोरखपुर, बस्ती और संत कबीर नगर में अत्यंत घना कोहरा छाए रहने के साथ शीत दिवस का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, गाजीपुर, चंदौली, सोनभद्र, वाराणसी, मीरजापुर, प्रयागराज, चित्रकूट, बांदा, महोबा और ललितपुर में घने से घना कोहरा रहने की चेतावनी दी गई है।
वहीं आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, फर्रुखाबाद, हरदोई, सीतापुर, लखनऊ, उन्नाव, कानपुर, औरैया, जालौन, रायबरेली, फतेहपुर, अमेठी, अयोध्या, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर और आजमगढ़ में घने कोहरे और शीत दिवस का यलो अलर्ट घोषित किया गया है।
बीते 24 घंटों में इटावा उत्तर प्रदेश का सबसे ठंडा जिला दर्ज किया गया, जहां न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा गोरखपुर, कानपुर, सोनभद्र और आजमगढ़ में भी न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं आएगा।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि अत्यधिक ठंड और घने कोहरे के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और ठंड से बचाव के पर्याप्त इंतजाम रखें। यह चेतावनी विशेष रूप से उत्तर प्रदेश के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के लिए जारी की गई है।