UP Flood : उत्तर प्रदेश में भारी वर्षा की चेतावनी के चलते राज्य की प्रमुख नदियों में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बलिया जिले में घाघरा नदी खतरे के निशान से एक मीटर ऊपर बह रही है, जबकि सरयू नदी का जलस्तर अभी स्थिर है। इस स्थिति में संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए यूपी की बात की टीम ने सिंचाई विभाग बलिया के कार्यों का रियलिटी चेक किया। रिपोर्ट के अनुसार, सिंचाई विभाग के अभियंता संजय मिश्रा ने बताया कि सभी मरम्मत और निर्माण कार्य समय से पूरे कर लिए गए हैं।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा के लिहाज से चौकियों की स्थापना कर दी गई है और सभी स्थानों पर नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं। एसडीओ आकाश कुमार यादव ने बताया कि शासन की मंशा के अनुसार सभी कार्य समय से संपन्न हो चुके हैं और अब लगातार निगरानी की जा रही है। विभाग का उद्देश्य है कि किसी भी हालत में जनता को नुकसान न हो।
इस बीच उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बलिया में घाघरा नदी और बांधों का निरीक्षण किया। उनके साथ जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने सभी अधिकारियों को सतर्क रहने और स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस आपदा प्रबंधन के दौरान प्रशासन और सिंचाई विभाग की सक्रियता सराहनीय रही है। समय से पूर्व तैयारियों और विभागीय निगरानी से जिले में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, जिससे जनता को राहत मिली है।