उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज के बाहर बीएड परीक्षा देने आई छात्रा स्ट्रीट लाइट के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आ गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, बहराइच जिले के हजूरपुर थाना क्षेत्र के भगदड़वा निवासी विमल अपनी बहन प्राची को परीक्षा दिलाने गोंडा आए थे। बारिश के कारण कॉलेज के बाहर लगे स्ट्रीट लाइट के खंभे में करंट उतर आया, जिसकी चपेट में प्राची आ गई। बहन को बचाने के लिए भाई विमल ने तुरंत प्रयास किया, लेकिन इस दौरान वह भी करंट की चपेट में आ गया।
आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह दोनों को करंट के प्रभाव से अलग किया और तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। इलाज के दौरान विमल की हालत गंभीर बनी रही, जहां बाद में उसकी मौत हो गई।

घटना में गंभीर रूप से झुलसी छात्रा प्राची को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।