वृंदावन: राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा की ब्रज क्षेत्रीय संगठनात्मक बैठक बुधवार को वृंदावन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद वल्लभ गोस्वामी जी महाराज के पैलेस पर आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष अलंकार अग्निहोत्री ने की। इसमें ब्रज क्षेत्र के विभिन्न जिलों से जिलाध्यक्षों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
बैठक में मथुरा, आगरा, अलीगढ़, हाथरस, एटा, कासगंज और फिरोजाबाद के जिलाध्यक्षों समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री राधे-कृष्ण के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और संविधान की प्रस्तावना के वाचन के साथ हुई। ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष अजय शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संगठन की क्षेत्रीय प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा सत्ता हासिल करने के बजाय लोगों के अधिकारों की आवाज को मजबूत करने वाला संगठन है। उन्होंने कहा कि संविधान में दिए गए अधिकारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संगठन का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने ब्रज क्षेत्र को संगठन की महत्वपूर्ण इकाई बताते हुए कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया।
बैठक में संगठन के विस्तार को लेकर भी महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से अगले 30 दिनों में जिलों, तहसीलों और ब्लॉकों में संगठन का पुनर्गठन पूरा करने तथा “गांव चलो, अधिकार दिलाओ” सदस्यता अभियान को गति देने की अपील की।राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद वल्लभ गोस्वामी ने सामाजिक न्याय के मुद्दे पर संगठन की भूमिका को रेखांकित किया। वहीं प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ अवस्थी ने प्रदेश स्तर की रणनीति और संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सितंबर माह में ब्रज क्षेत्र में अधिकार जागरूकता यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। इन विषयों को लेकर जिलाधिकारियों को ज्ञापन सौंपने का भी निर्णय लिया गया।अंत में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने, आम लोगों के अधिकारों के लिए आवाज उठाने और जमीनी स्तर पर अभियान को प्रभावी बनाने का संकल्प लिया।