भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने राजधानी लखनऊ स्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने संगठनात्मक प्राथमिकताओं, आगामी कार्यक्रमों और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से बात की।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि वे कार्यकर्ता के मान-सम्मान के लिए लगातार कार्य करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा में निर्णय लेने का आधार कार्यकर्ता होता है।उन्होंने कहा, “मैं कार्यकर्ता के आधार पर फैसला लेता हूं। संगठन में सभी को साथ लेकर चलना ही मेरी कार्यशैली है।” पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा की शक्ति उसका कार्यकर्ता है और संगठन की हर सफलता के पीछे समर्पित कार्यकर्ताओं का योगदान होता है।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 24 दिसंबर को पूरे प्रदेश में भाजपा द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से स्वच्छता, जनजागरूकता और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा होनी चाहिए।
पंकज चौधरी ने जानकारी दी कि 25 दिसंबर से 31 दिसंबर तक प्रदेशभर में सुशासन दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, सुशासन के मॉडल और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुशासन दिवस के कार्यक्रमों के माध्यम से आम जनता को सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराया जाएगा और संवाद को मजबूत किया जाएगा।
प्रेसवार्ता के दौरान पंकज चौधरी ने यह भी कहा कि भाजपा संगठन में एकता, समन्वय और अनुशासन सर्वोपरि है। उन्होंने दोहराया कि पार्टी हर स्तर पर कार्यकर्ताओं को सम्मान देते हुए आगे बढ़ेगी और सभी को साथ लेकर प्रदेश व देश के विकास के लिए काम करेगी।