Uttar Pradesh News: प्रयागराज में आयोजित होने वाले माघ मेला 2027 (Prayagraj Magh Mela 2027) में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन इस बार हाईटेक इंतजाम करने जा रहा है। मेले में पहली बार एंटी ड्रोन सिस्टम तैनात किया जाएगा। इस तकनीक की मदद से आसमान से भी पूरे मेला क्षेत्र पर नजर रखी जाएगी। यह सिस्टम करीब 6 किलोमीटर के दायरे में 24 घंटे सक्रिय रहेगा और बिना अनुमति उड़ने वाले ड्रोन की पहचान कर उन्हें निष्क्रिय करने में सक्षम होगा। वर्ष 2025 में आयोजित महाकुंभ की तर्ज पर इस व्यवस्था को लागू करने की तैयारी की जा रही है।
जानकारी के लिए बता दें संगम की रेती पर लगने वाले माघ मेले में देश के अलग-अलग हिस्सों से लाखों श्रद्धालु, साधु-संत और कल्पवासी पहुंचते हैं। ऐसे में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होती है। नई तकनीक लागू होने से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।
माघ मेला प्रशासन एंटी ड्रोन सिस्टम को दो चरणों में लागू करने की योजना बना रहा है। पहले चरण में संगम क्षेत्र में इस तकनीक को तैनात किया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में झूंसी और नागवासुकी क्षेत्र को भी इसके दायरे में शामिल किया जाएगा। इस सिस्टम का परीक्षण देव दीपावली के अवसर पर संगम क्षेत्र में पायलट प्रोजेक्ट के तहत किया जा चुका है। परीक्षण के आधार पर इसकी तकनीकी तैयारियों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
मेला क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति बिना पुलिस की अनुमति के ड्रोन नहीं उड़ा सकेगा। ड्रोन उड़ाने के इच्छुक लोगों को पहले मेला पुलिस से अनुमति लेनी होगी। आवेदन में ड्रोन का मॉडल, उड़ाने का उद्देश्य, स्थान और समय की जानकारी देना अनिवार्य होगा। पुलिस प्रशासन इस संबंध में मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) भी तैयार कर रहा है, ताकि ड्रोन के इस्तेमाल को काबू किया जा सके।
माघ मेला 2027 (Magh Mela 2027) के डीसीपी विवेक चंद्र यादव ने पुलिसकर्मियों के साथ एंटी ड्रोन सिस्टम की तैयारियों की समीक्षा की है। जिसमें उन्होंने कहा कि माघ मेले में पहली बार इस व्यवस्था को लागू किया जा रहा है। पायलट प्रोजेक्ट के तहत इसका तकनीकी परीक्षण भी किया जाएगा। वहीं, नई व्यवस्था से मेला क्षेत्र में होने वाली संदिग्ध ड्रोन गतिविधियों पर नजर रखना आसान होगा। इससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जल, थल और नभ तीनों स्तरों पर निगरानी व्यवस्था मजबूत होगी।
ये भी पढ़ें: अखिलेश का कांग्रेस को बड़ा ऑफर, सरकार बनी तो मिलेगा सम्मान