Uttar Pradesh News: बुंदेलखंड की राजनीति में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को बड़ा झटका लगा है। दरसअल, बसपा के पूर्व नेता और वरिष्ठ अधिवक्ता महेश रिछारिया ने पार्टी छोड़कर समाजवादी पार्टी (सपा) का दामन थाम लिया है। उनके सपा में शामिल होने से झांसी समेत बुंदेलखंड क्षेत्र की राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सपा नेताओं ने उनका स्वागत करते हुए इसे संगठन के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया है।
समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद एडवोकेट महेश रिछारिया ने मीडिया से बातचीत में अपने फैसले की वजह बताई। जिसमें उन्होंने कहा कि वह स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की विचारधारा और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के विचारों से प्रभावित हैं। इसी वजह से उन्होंने बसपा छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया है। वहीं, रिछारिया ने यह भी दावा किया कि आने वाले दिनों में बसपा के सैकड़ों कार्यकर्ता, पदाधिकारी और नेता उनके साथ समाजवादी पार्टी में शामिल होंगे। उनके इस बयान के बाद बुंदेलखंड में दलों के बीच राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
महेश रिछारिया ने अपनी पुरानी पार्टी बसपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 10 सालों में बहुजन समाज के हित में कोई ठोस काम नहीं हुआ। उनके मुताबिक, इस दौरान बहुजन समाज की स्थिति में सुधार होने के बजाय और गिरावट आई है। उन्होंने कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में उन्हें समाजवादी पार्टी की विचारधारा अधिक प्रभावी और जनहित से जुड़ी हुई नजर आती है।
सपा में शामिल होने की वजह बताते हुए रिछारिया ने अखिलेश यादव के एक भाषण का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के इस कथन ने उन्हें काफी प्रभावित किया कि ‘यह दलित नहीं, दिग्गज हैं।’ उन्होंने पुराने राजनीतिक दौर को याद करते हुए कहा कि स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव और मान्यवर कांशीराम के समय सपा और बसपा की विचारधारा और संघर्ष में समानता थी।
महेश रिछारिया के समाजवादी पार्टी में शामिल होने पर स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। पार्टी पदाधिकारियों का मानना है कि उनके जुड़ने से बुंदेलखंड में संगठन को मजबूती मिल सकती है। अब उनके साथ बसपा के कितने कार्यकर्ता सपा में आते हैं, इस पर राजनीतिक दलों की नजर रहेगी।
ये भी पढ़ें: दुद्धी में आस्था का उत्सव, 5100 दीपों से रोशन हुआ शिवाजी तालाब