गौतमबुद्धनगर। जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए नौकरी पाने का अच्छा अवसर मिलने जा रहा है। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से 2 नवंबर 2026 को दनकौर स्थित श्री द्रोणाचार्य पीजी कॉलेज में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेला सुबह 10 बजे से शुरू होगा। इसमें 18 से 30 वर्ष तक के युवा अपनी योग्यता के अनुसार नौकरी के लिए आवेदन और इंटरव्यू दे सकेंगे।
जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री के अनुसार, रोजगार मेले में मैन्युफैक्चरिंग, बीपीओ/केपीओ, बैंकिंग, फाइनेंस, फिनटेक, ई-कॉमर्स और डिजिटल सेक्टर से जुड़ी कंपनियों के शामिल होने की संभावना है। इनमें डिक्सन, डीएस फूड्स, आर्या फैशन और एडीजे इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड जैसी कंपनियां प्रमुख हैं।
इस रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक और परास्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी हिस्सा ले सकते हैं। अलग-अलग शैक्षिक योग्यताओं के आधार पर कंपनियों में विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी।

रोजगार मेले की खास बात यह है कि मारुति कार के लिए भर्ती करने वाली कंपनी भी इसमें शामिल होगी। यहां बीएससी पास अभ्यर्थियों को 5 लाख रुपये से अधिक वार्षिक पैकेज वाली नौकरी पाने का अवसर मिल सकता है। हालांकि, चयन और वेतन कंपनी की भर्ती प्रक्रिया एवं पात्रता पर निर्भर करेगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री ने इच्छुक युवाओं से पहले रोजगार संगम पोर्टल पर जॉब सीकर के रूप में पंजीकरण कराने की अपील की है।
पंजीकरण के लिए वेबसाइट: https://rojgarsangam.up.gov.in
अभ्यर्थियों को रोजगार मेले में अपने शैक्षिक प्रमाणपत्र, बायोडाटा और जरूरी दस्तावेजों के साथ पहुंचना होगा। इसके बाद वे अपनी योग्यता के अनुसार संबंधित कंपनियों में साक्षात्कार दे सकेंगे।