1. हिन्दी समाचार
  2. JALAUN
  3. अब बीहड़ नहीं, विकास और विरासत की पहचान है जालौन : सीएम योगी

अब बीहड़ नहीं, विकास और विरासत की पहचान है जालौन : सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जालौन में 1273.96 करोड़ रुपये की 374 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कई सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता सामग्री और स्वीकृति पत्र भी वितरित किए।

By: BS Yadav  RNI News Network
Updated:
अब बीहड़ नहीं, विकास और विरासत की पहचान है जालौन : सीएम योगी

जालौन के स्पोर्ट्स स्टेडियम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले को विकास की बड़ी सौगात दी। 1273 करोड़ 96 लाख रुपये की लागत वाली 374 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जालौन अब बीहड़ और डकैतों की नहीं, बल्कि विकास, निवेश और विरासत की पहचान बन चुका है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया और मुख्यमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, पीएम स्वनिधि, सूर्य घर योजना, कन्या सुमंगला सहित कई योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, आवास की चाबी, गोल्डन कार्ड, कृषि यंत्र और अन्य सहायता सामग्री वितरित की। वहीं स्वयं सहायता समूहों के खातों में 13 करोड़ 14 लाख रुपये से अधिक की धनराशि भी हस्तांतरित की गई।

मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर 1273.96 करोड़ रुपये की लागत वाली 374 विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इनमें 216 परियोजनाओं का शिलान्यास और 158 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है। राजकीय मेडिकल कॉलेज में क्रिटिकल केयर यूनिट, कालपी पेयजल योजना, ग्रीन एनर्जी कॉरिडोर, उरई-इटौरा मार्ग का चौड़ीकरण, पुलिस लाइन आवास, एनआईसी भवन, कोंच में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और कई सड़क व पुल परियोजनाएं इनमें प्रमुख हैं।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने जालौन की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह वीरों और ऋषियों की भूमि है। उन्होंने कहा कि कालपी के हैंडमेड पेपर को जीआई टैग मिलने के बाद उसका निर्यात कई देशों तक हो रहा है और ओडीओपी योजना के जरिए स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी सूखा, पलायन और दस्यु गतिविधियों के लिए पहचान रखने वाला बुंदेलखंड आज एक्सप्रेस-वे, डिफेंस कॉरिडोर, औद्योगिक कॉरिडोर, ग्रीन एनर्जी और सोलर परियोजनाओं के कारण विकास का नया केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

कानून व्यवस्था पर मुख्यमंत्री ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि प्रदेश में माफिया के लिए अब केवल दो ही जगह बची हैं जेल या जहन्नुम। उन्होंने नकल माफिया के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जालौन को मिली 374 विकास परियोजनाएं जिले के भविष्य को नई दिशा देंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आत्मनिर्भर जालौन, आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत आधार प्रदान करेगा।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...