1. हिन्दी समाचार
  2. बलिया
  3. New year 2026: नए साल के जश्न पर जगदंबिका पाल का विपक्ष पर तंज, बोले- ‘लखनऊ में केक काट रहे होंगे, हम जनता के बीच हैं’

New year 2026: नए साल के जश्न पर जगदंबिका पाल का विपक्ष पर तंज, बोले- ‘लखनऊ में केक काट रहे होंगे, हम जनता के बीच हैं’

सांसद ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों को साकार करने की दिशा में भाजपा निरंतर आगे बढ़ रही है। वैश्विक चुनौतियों के बीच भी भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है।

By: Abhinav Tiwari  RNI News Network
Updated:
New year 2026: नए साल के जश्न पर जगदंबिका पाल का विपक्ष पर तंज, बोले- ‘लखनऊ में केक काट रहे होंगे, हम जनता के बीच हैं’

उत्तर प्रदेश के बलिया दौरे पर पहुंचे जगदंबिका पाल ने नए साल के सेलिब्रेशन को लेकर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि साल के आख़िरी दिन कई विपक्षी नेता कहीं लखनऊ में केक काट रहे होंगे, कोई गोवा में छुट्टियां मना रहा होगा, जबकि भाजपा के कार्यकर्ता और नेता जनता के बीच मौजूद हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “राहुल बाबा किसी देश में होंगे और हम आपके साथ हैं।”

बलिया कार्यक्रम में दिया बयान

31 दिसंबर को बलिया पहुंचे जगदंबिका पाल ने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विपक्ष के नेता साल के अंतिम दिन जश्न में व्यस्त हैं, जबकि भाजपा संगठन जमीन पर काम कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को इस बात पर गर्व होना चाहिए कि वे दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का हिस्सा हैं, जो कार्यशैली और संस्कृति-दोनों में अलग पहचान रखती है।

भाजपा को बताया ‘पार्टी विद द डिफरेंस’

सांसद ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों को साकार करने की दिशा में भाजपा निरंतर आगे बढ़ रही है। वैश्विक चुनौतियों के बीच भी भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है। उन्होंने रूस-यूक्रेन और इजराइल-हमास संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां कई बड़े देशों की ग्रोथ रेट घटी है, वहीं भारत तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।

मोदी सरकार में आर्थिक प्रगति का दावा

जगदंबिका पाल ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत ने जापान को पछाड़कर चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था का दर्जा हासिल किया है और जीडीपी 4.18 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गई है। उन्होंने दावा किया कि अगले दो से ढाई वर्षों में भारत जर्मनी को पीछे छोड़कर दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होगा।

विपक्ष के आरोपों पर पलटवार

उन्होंने कहा कि विपक्ष राफेल जैसे मुद्दों पर सवाल उठाकर देश की सेना के शौर्य पर प्रश्नचिह्न लगाता है। राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि ये नेता केवल एसआईआर और वोट चोरी जैसे मुद्दे उठाते हैं, जबकि यदि किसी को आपत्ति है तो उसके लिए पूरा अवसर उपलब्ध है।

2027 को लेकर संदेश

सांसद ने अंत में कहा कि भारत को ‘विश्व गुरु’ बनाने का लक्ष्य तभी साकार होगा, जब 2027 में भाजपा प्रचंड बहुमत से सत्ता में आएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...