1. हिन्दी समाचार
  2. अन्य खबरें
  3. ‘सनातन कमजोर हुआ तो देश भी कमजोर होगा’: सीएम योगी ने समाज को बांटने वालों से किया आगाह

‘सनातन कमजोर हुआ तो देश भी कमजोर होगा’: सीएम योगी ने समाज को बांटने वालों से किया आगाह

सीतापुर में कार्यक्रम के दौरान दिया कड़ा संदेश

By: Abhinav Tiwari  RNI News Network
Updated:
‘सनातन कमजोर हुआ तो देश भी कमजोर होगा’: सीएम योगी ने समाज को बांटने वालों से किया आगाह

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सनातन धर्म को लेकर बड़ा बयान देते हुए समाज को विभाजित करने वाली ताकतों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि सनातन कमजोर हुआ तो देश भी कमजोर होगा और देश के कमजोर होने से सनातन के अस्तित्व पर संकट खड़ा हो जाएगा। मुख्यमंत्री यह बात सीतापुर में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान कह रहे थे, जहां वे तपोधाम सतगुरु गिरधारी नाथ जी महाराज तपोधाम आश्रम में मूर्ति स्थापना दिवस एवं भंडारा कार्यक्रम में शामिल हुए।

‘बांटने वालों से सावधान रहें’

राज्य सरकार की ओर से जारी बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने किसी का नाम लिए बिना समाज को चेताते हुए कहा कि सनातन और देश एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। यदि समाज को बांटने वाले तत्व सफल हुए तो उसका सीधा असर देश की एकता और सांस्कृतिक पहचान पर पड़ेगा। इसलिए ऐसे प्रयासों से सावधान रहने की आवश्यकता है।

अंतरराष्ट्रीय घटनाओं पर चिंता व्यक्त

सीएम योगी आदित्यनाथ ने बांग्लादेश का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां हिंदुओं पर हो रही हिंसा, हत्या और आगजनी की घटनाओं पर दुनिया के कई मानवाधिकार संगठन मौन हैं। उन्होंने कहा कि मरने वाले दलित हिंदू हैं, लेकिन धर्माचार्यों और कुछ हिंदू संगठनों को छोड़ दें तो उनकी आवाज उठाने वाला कोई नहीं है।

सनातन संस्कृति की ऐतिहासिक मजबूती

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया में कई सभ्यताएं और संस्कृतियां समय के साथ समाप्त हो गईं, लेकिन सनातन संस्कृति तमाम संकटों और आंधियों को झेलते हुए आज भी गरिमा और गौरव के साथ खड़ी है। यह संस्कृति विश्व को मैत्री, करुणा और ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ का संदेश देती रही है।

‘शरण देने की परंपरा का दुरुपयोग’

सीएम योगी ने कहा कि सनातन को तोड़ने के लिए अनेक प्रयास किए गए। सनातन धर्मावलंबियों ने विपत्ति के समय सभी को शरण दी और आगे बढ़ने का अवसर दिया, लेकिन कुछ लोगों ने इस शरणार्थी परंपरा का पालन करने के बजाय अंगुली पकड़कर गला दबाने और देश को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया।

भारत के भविष्य को लेकर आशावाद

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक लंबी और निर्णायक यात्रा के लिए तैयार हो रहा है। भारत दुनिया की बड़ी ताकत बनेगा और इसे कोई रोक नहीं सकता। उन्होंने कहा कि देशवासियों का दायित्व है कि वे इस यात्रा में सहभागी बनें और मिलकर कार्य करें, जिससे वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य सुनिश्चित किया जा सके।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...