1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने हाइड्रोपोनिक चारा उत्पादन इकाई का किया उद्घाटन

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने हाइड्रोपोनिक चारा उत्पादन इकाई का किया उद्घाटन

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने जन भवन में स्थापित हाइड्रोपोनिक चारा उत्पादन इकाई का उद्घाटन किया। यह आधुनिक इकाई गौवंशों को वर्षभर पौष्टिक, रसायन मुक्त और पर्याप्त हरा चारा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थापित की गई है।

By: BS Yadav  RNI News Network
Updated:
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने हाइड्रोपोनिक चारा उत्पादन इकाई का किया उद्घाटन

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने जन भवन में स्थापित हाइड्रोपोनिक चारा उत्पादन इकाई का उद्घाटन एवं अवलोकन किया। यह इकाई जन भवन गौशाला में मौजूद गौवंशों को वर्षभर पौष्टिक, रसायन मुक्त और मानक के अनुरूप पर्याप्त हरा चारा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थापित की गई है।

राज्यपाल की प्रेरणा और गौसंरक्षण के प्रति उनकी संवेदनशील सोच के अनुरूप इस परियोजना को विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य सीमित संसाधनों में आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों का उपयोग कर गौवंशों के पोषण और संरक्षण को मजबूत बनाना है। साथ ही जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और सतत कृषि प्रणाली को बढ़ावा देना भी इस पहल का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

हाइड्रोपोनिक तकनीक के माध्यम से कम पानी, कम स्थान और कम समय में अधिक मात्रा में हरा चारा तैयार किया जा सकता है। जन भवन में स्थापित यह इकाई प्रतिदिन लगभग 100 किलोग्राम हरा चारा उत्पादन करने में सक्षम है। इसमें मक्का, जौ, जई (ओट्स) और गेहूं जैसे पौष्टिक चारे का उत्पादन किया जा सकता है। बीज बोने से लेकर चारा तैयार होने तक की पूरी प्रक्रिया लगभग 8 दिनों में पूरी होती है और चक्रीय व्यवस्था के माध्यम से प्रतिदिन ताजा हरा चारा उपलब्ध होता रहेगा।

इस तकनीक की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें किसी प्रकार के रासायनिक पदार्थ का उपयोग नहीं किया जाता, जिससे तैयार चारा पूरी तरह रसायन मुक्त और अधिक पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसके अलावा प्रतिकूल मौसम का भी इस उत्पादन प्रणाली पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता, जिससे सालभर निर्बाध रूप से हरे चारे की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकती है।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...