नोएडा। गौतमबुद्धनगर में चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने एसीपी-1 सेंट्रल नोएडा दीक्षा सिंह के साथ थाना फेस-2 क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने चुनाव से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की और मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती, पोलिंग पार्टियों के ठहरने की व्यवस्था और अन्य चुनावी तैयारियों का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने सेक्टर मजिस्ट्रेट, सेक्टर पुलिस अधिकारियों और पुलिस पोलिंग पार्टियों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर चर्चा की।

डीसीपी ने मतदान केंद्रों और आसपास के इलाकों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की प्रभावी जांच करने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए कहा।
पुलिस अधिकारियों ने संबंधित टीमों को आपसी तालमेल बनाए रखने और कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने के निर्देश दिए। साथ ही, किसी भी संभावित अप्रिय घटना से निपटने के लिए सतर्क रहने पर जोर दिया। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य मतदान के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम बनाए रखना और चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।