1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. Jalaun : बेमौसम बारिश से फसलों को भारी नुकसान,डीएम ने खेतों में जाकर लिया जायजा

Jalaun : बेमौसम बारिश से फसलों को भारी नुकसान,डीएम ने खेतों में जाकर लिया जायजा

Jalaun : जालौन में बेमौसम बारिश से धान, मटर और बाजरे की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुईं।जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने खेतों में जाकर नुकसान का जायजा लिया और त्वरित सर्वे के निर्देश दिए।किसानों को फसल बीमा और राहत सहायता जल्द उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

By: Desk Team  RNI News Network
Updated:
Jalaun : बेमौसम बारिश से फसलों को भारी नुकसान,डीएम ने खेतों में जाकर लिया जायजा

जालौन जिले में पिछले 24 घंटे से हो रही लगातार बारिश ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। खेतों में खड़ी धान, मटर और बाजरे की फसलें बर्बादी के कगार पर पहुंच गई हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने आज स्वयं खेतों में पहुंचकर हालात का जायजा लिया।

उन्होंने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तत्काल सर्वे पूरा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने उरई तहसील में धान की फसलों, माधौगढ़ में बाजार क्षेत्र तथा कोंच तहसील में मटर की फसलों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि नुकसान का सटीक सर्वे संयुक्त रूप से बीमा कंपनी और कृषि विभाग की टीमें मिलकर करें, ताकि पात्र किसानों को फसल बीमा योजना और कृषि निवेश अनुदान का लाभ शीघ्र मिल सके।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि जिन खेतों में धान की फसलें गिर चुकी हैं या मटर की बुवाई के बाद अंकुरण नहीं हुआ है, वहां नुकसान अधिक हुआ है। उन्होंने उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्वे पारदर्शी और तेज़ी से पूरा किया जाए, ताकि राहत कार्यों में कोई देरी न हो।

वहीं, राजस्व विभाग, कृषि विभाग और लेखपालों की टीमें भी लगातार गांवों में पहुंचकर फसलों की वास्तविक स्थिति का आकलन कर रही हैं। जिलाधिकारी के इस मौके पर निरीक्षण से किसानों में राहत की उम्मीद जगी है कि प्रशासन जल्द उनकी मदद करेगा।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...