1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बिजनौर में रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग, सांसद चंदन चौहान ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से की मुलाकात

बिजनौर में रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग, सांसद चंदन चौहान ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से की मुलाकात

बिजनौर सांसद चंदन चौहान ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर बिजनौर-नई दिल्ली और बिजनौर-मुरादाबाद नई ट्रेन चलाने, बिजनौर-हस्तिनापुर रेल परियोजना में तेजी लाने तथा फ्लाईओवर निर्माण को गति देने की मांग की।

By: BS Yadav  RNI News Network
Updated:
बिजनौर में रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग, सांसद चंदन चौहान ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से की मुलाकात

बिजनौर लोकसभा क्षेत्र के सांसद चंदन चौहान ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने क्षेत्र की लंबे समय से लंबित मांगों को प्राथमिकता के साथ उठाते हुए नई ट्रेनों और अधोसंरचना परियोजनाओं पर जल्द निर्णय लेने का आग्रह किया।

बिजनौर-नई दिल्ली नई ट्रेन चलाने का प्रस्ताव

सांसद ने बिजनौर से नई दिल्ली के बीच नई ट्रेन शुरू करने की मांग रखी। उन्होंने सुझाव दिया कि ट्रेन सुबह बिजनौर से दिल्ली के लिए रवाना हो और शाम को नई दिल्ली से बिजनौर लौटे, ताकि व्यापारियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को नियमित आवागमन में सुविधा मिल सके।

बिजनौर-मुरादाबाद रेल सेवा की भी मांग

बैठक के दौरान सांसद ने बिजनौर और मुरादाबाद के बीच नई रेल सेवा शुरू करने का भी प्रस्ताव रखा। उनका कहना था कि इससे क्षेत्र के लोगों की यात्रा आसान होगी और आसपास के प्रमुख शहरों से संपर्क बेहतर होगा।

बिजनौर-हस्तिनापुर रेल परियोजना पर चर्चा

चंदन चौहान ने बिजनौर-हस्तिनापुर प्रस्तावित रेलमार्ग की प्रगति की जानकारी लेते हुए इस परियोजना को गति देने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह रेलमार्ग क्षेत्र के विकास और बेहतर कनेक्टिविटी के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।

 

फ्लाईओवर परियोजनाओं में तेजी लाने का आग्रह

सांसद ने बिजनौर लोकसभा क्षेत्र में प्रस्तावित फ्लाईओवरों की स्थिति पर भी चर्चा की। उन्होंने बढ़ते यातायात को देखते हुए इन परियोजनाओं की स्वीकृति और निर्माण कार्य में तेजी लाने की आवश्यकता पर बल दिया।

विकास और बेहतर कनेक्टिविटी के लिए प्रयास जारी

सांसद चंदन चौहान ने कहा कि बिजनौर के विकास के लिए रेल और सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की जनता से जुड़े विकास कार्यों और मूलभूत सुविधाओं के मुद्दों को वह लगातार केंद्र सरकार के समक्ष उठाते रहेंगे।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...