गौतमबुद्धनगर। जिले की तीनों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान फरियादियों ने राजस्व, प्रशासन समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। तीनों तहसीलों को मिलाकर कुल 222 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 13 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
तहसील सदर में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां फरियादियों की ओर से कुल 6 शिकायतें प्रस्तुत की गईं। अधिकारियों ने इनमें से 4 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया।
तहसील दादरी में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में जनसुनवाई हुई। इस दौरान कुल 122 शिकायतें अधिकारियों के समक्ष पहुंचीं। इनमें से 7 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। अधिकारियों ने शेष मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

तहसील जेवर में उप जिलाधिकारी दुर्गेश सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। यहां कुल 94 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 2 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
समाधान दिवस में प्राप्त शेष शिकायतों के संबंध में अधिकारियों ने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मामलों की जांच कर उनका गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनने और कार्रवाई की प्रगति पर नजर रखने की बात कही।