सहारनपुर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज देवबंद के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे सहारनपुर क्षेत्र में करीब ₹2000 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। प्रशासन ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और सुरक्षा व्यवस्था को बेहद कड़ा कर दिया गया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11:30 बजे लखनऊ स्थित अपने आवास से रवाना होकर अमौसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां से राजकीय विमान द्वारा सहारनपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। दोपहर 1:05 बजे वे सरसावा एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर के माध्यम से देवबंद के सिल्वर पैराडाइज हेलीपैड पर उतरेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री 1:30 बजे जड़ौदा जट्ट गांव स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचकर विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। साथ ही वे लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित करेंगे और एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। पूरा कार्यक्रम लगभग 2:30 बजे समाप्त होगा।
सुरक्षा के दृष्टिगत कार्यक्रम स्थल के 500 मीटर क्षेत्र को नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। ड्रोन और अन्य उड़ने वाली वस्तुओं पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। इसके अलावा यातायात और पार्किंग के लिए विशेष व्यवस्था की गई है ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके।