1. हिन्दी समाचार
  2. लखनऊ
  3. विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी का बड़ा बयान- “कर्फ्यू से कानून के राज तक, उपद्रव से उत्सव तक पहुँचा उत्तर प्रदेश”

विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी का बड़ा बयान- “कर्फ्यू से कानून के राज तक, उपद्रव से उत्सव तक पहुँचा उत्तर प्रदेश”

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान विपक्ष के आचरण पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह मर्यादा के अनुरूप नहीं था। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार के आचरण से पहले प्रदेश में बेटियां डरती थीं और व्यापारी अपना कारोबार समेटने को मजबूर होते थे।

By: Abhinav Tiwari  RNI News Network
Updated:
विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी का बड़ा बयान- “कर्फ्यू से कानून के राज तक, उपद्रव से उत्सव तक पहुँचा उत्तर प्रदेश”

उत्तर प्रदेश विधानसभा में मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान विस्तृत और आत्मविश्वास से भरा संबोधन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की यात्रा केवल सत्ता प्राप्त करने की नहीं, बल्कि कर्फ्यू से कानून के राज, उपद्रव से उत्सव और अविश्वास से आत्मविश्वास तक की यात्रा है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश को कोई “बीमारू राज्य” नहीं कह सकता, क्योंकि राज्य ने विकास की नई परिभाषा गढ़ी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी वर्गों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिला है और करीब 6 करोड़ प्रदेशवासी गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं। हर घर शौचालय, पेयजल, मुफ्त राशन जैसी बुनियादी सुविधाएं बिना भेदभाव उपलब्ध कराई गई हैं।

विपक्ष के आचरण पर तीखी टिप्पणी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान विपक्ष के आचरण पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह मर्यादा के अनुरूप नहीं था। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार के आचरण से पहले प्रदेश में बेटियां डरती थीं और व्यापारी अपना कारोबार समेटने को मजबूर होते थे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि समाजवादी पार्टी के इस व्यवहार से सदन आहत हुआ है।

2017 से पहले और आज का उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में सत्ता के संरक्षण में गुंडे और माफिया फल-फूल रहे थे। कानून-व्यवस्था कुछ चुनिंदा हाथों की जागीर बन चुकी थी, कर्फ्यू और दंगे आम बात थे और पर्व-त्योहार आस्था नहीं, बल्कि आशंका के प्रतीक बन गए थे। उस दौर में न बेटियां सुरक्षित थीं और न ही व्यापारी। उन्होंने कहा कि आज सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के कारण संगठित अपराध पर नियंत्रण हुआ है। अपराधी अपराधी होता है- सरकार का यही स्पष्ट संदेश है।

ट्रिपल टी बना उत्तर प्रदेश: टेक्नोलॉजी, ट्रस्ट, ट्रांसफॉर्मेशन

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश ट्रिपल टी-टेक्नोलॉजी, ट्रस्ट और ट्रांसफॉर्मेशन का प्रतीक बनकर उभरा है। पहले प्रदेश को शक की निगाह से देखा जाता था, लेकिन आज उत्तर प्रदेश देश की टॉप थ्री इकोनॉमी में अपनी जगह बना चुका है। यह भारत की अर्थव्यवस्था का ब्रेकथ्रू बन गया है। उन्होंने कहा कि पहली बार विधानसभा में आर्थिक सर्वेक्षण प्रस्तुत किया गया, जो नए युग का उद्घोष है। यह उत्तर प्रदेशवासियों की वर्षों पुरानी तमन्ना थी कि देश की सबसे बड़ी आबादी वाला राज्य विकास में भी अग्रणी बने।

सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण और पुलिस सुधार

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में भय नहीं, बल्कि आस्था का वातावरण है। टेंपल इकोनॉमी तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि 2013 के कुंभ में जहां 12 करोड़ श्रद्धालु आए थे, वहीं हालिया माघ मेले में 21 करोड़ श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। उन्होंने दावा किया कि 2017 के बाद प्रदेश में कोई सांप्रदायिक दंगा नहीं हुआ है। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर किए गए प्रयासों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि 2 लाख से अधिक पुलिस भर्तियों में 20% महिलाएं शामिल की गईं और आज प्रदेश में 44 हजार महिला पुलिसकर्मी तैनात हैं। पुलिस की प्रशिक्षण क्षमता भी कई गुना बढ़ाई गई है।

कल्याणकारी योजनाएं रहेंगी जारी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आश्वासन दिया कि जिन लोगों को राशन और अन्य सरकारी सुविधाएं मिल रही हैं, वे आगे भी यथावत मिलती रहेंगी। सरकार स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने अपने संबोधन में एक शेर के माध्यम से विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा- “यह भूल मैं उम्र भर करता रहा, धूल चेहरे पर थी, मैं आईना साफ करता रहा।”

समस्या से समाधान तक की यात्रा

मुख्यमंत्री ने अपने भाषण के अंत में कहा कि उत्तर प्रदेश की नौ वर्ष की यात्रा समस्या से समाधान, अराजकता से सुशासन और भय से विश्वास तक की यात्रा है। आज हर व्यक्ति के मन में यह विश्वास है कि “यूपी भी कर सकता है”। उन्होंने दोहराया कि सरकार का लक्ष्य बिना भेदभाव सभी नागरिकों को सशक्त बनाना है और यही उत्तर प्रदेश के नए विकास मॉडल की पहचान है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...