1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ग्रेटर नोएडा में बाइक चोर गिरोह का खुलासा, 12 मोटरसाइकिलों के साथ दो गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा में बाइक चोर गिरोह का खुलासा, 12 मोटरसाइकिलों के साथ दो गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना पुलिस ने बाइक चोरी के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार कर 12 मोटरसाइकिलें, चार फर्जी नंबर प्लेट, मास्टर चाबी और एक अवैध चाकू बरामद किया। पुलिस के अनुसार, गिरोह दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।

By: Nivedita  RNI News Network
Updated:
ग्रेटर नोएडा में बाइक चोर गिरोह का खुलासा, 12 मोटरसाइकिलों के साथ दो गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा।  बीटा-2 थाना पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 12 मोटरसाइकिलें, चार फर्जी नंबर प्लेट, एक पेचकस (मास्टर चाबी) और एक अवैध चाकू बरामद किया है।

ग्रीन बेल्ट के पास से हुई गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर को लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से दोनों आरोपियों को सेक्टर गामा-1 की ग्रीन बेल्ट में झाड़ियों के पास से पकड़ा गया। उनकी पहचान फिरोजाबाद निवासी प्रबल यादव उर्फ प्रदीप और राजस्थान के डीग निवासी सोहिल के रूप में हुई है।

मास्टर चाबी से बाइक चोरी करने का आरोप

पुलिस का कहना है कि आरोपी दिल्ली-एनसीआर, गाजियाबाद, हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे। इसके बाद मास्टर चाबी की मदद से वाहन चोरी कर लेते थे। आरोप है कि पहचान छिपाने के लिए वे चेसिस नंबर मिटाने और फर्जी नंबर प्लेट लगाने का तरीका अपनाते थे।

 

 

कई क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं से जुड़े तार

पुलिस के मुताबिक, बरामद मोटरसाइकिलों में से कुछ के संबंध में ग्रेटर नोएडा के बीटा-2, संभल के गुन्नौर और फरीदाबाद के मुजेसर थानों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। अन्य मोटरसाइकिलों को नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली से चोरी किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस

पुलिस के अनुसार, प्रबल यादव के खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न मामलों में पहले भी मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, सोहिल के खिलाफ भी चोरी समेत अन्य मामलों का आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और बरामद मोटरसाइकिलों से जुड़ी चोरी की घटनाओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...