1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अखिलेश के अयोध्या दौरे पर मचा बवाल, संतों ने रखी माफी की शर्त

अखिलेश के अयोध्या दौरे पर मचा बवाल, संतों ने रखी माफी की शर्त

Akhilesh Yadav Ayodhya Visit: अखिलेश यादव के 12 दिसंबर के अयोध्या दौरे पर संतों और बीजेपी ने सवाल उठाए। दरसअल,1990 कारसेवक गोलीकांड पर माफी की मांग से यूपी की सियासत गरमाई। ऐसे में आइए यहां जानें पूरा मामला

By: Aparna Panwar  RNI News Network
Updated:
अखिलेश के अयोध्या दौरे पर मचा बवाल, संतों ने रखी माफी की शर्त

Akhilesh Yadav Ayodhya Visit: 12 दिसंबर को प्रस्तावित अखिलेश यादव की अयोध्या यात्रा (Ayodhya Yatra) से पहले यूपी की सियासत गरमा गई है। संतों और बीजेपी नेताओं ने 1990 में कारसेवकों पर हुई गोलीबारी का मुद्दा उठाते हुए सपा प्रमुख से माफी मांगने की मांग की है। वहीं, अखिलेश यादव ने सत्ता में वापसी पर अयोध्या को ग्लोबल कैपिटल बनाने का वादा किया है।

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अयोध्या को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। जिसमें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को परिवार के साथ अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन करने के प्रस्तावित कार्यक्रम पर संतों और बीजेपी नेताओं ने सवाल खड़े किए हैं। इस दौरे को लेकर अयोध्या में राजनीतिक माहौल गरमा गया है।

वहीं, अयोध्या के संतों ने अखिलेश यादव से 1990 में कारसेवकों पर हुई गोलीबारी की घटना को लेकर माफी मांगने की मांग की है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य राज कुमार दास ने कहा कि जब तक अखिलेश यादव इस घटना के लिए माफी नहीं मांगते, तब तक सनातनी उन्हें माफ नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव को मुक्ति चाहिए तो पहले गया जाकर श्राद्ध करें और फिर माफी मांगें। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अखिलेश यादव के अयोध्या आने, सरयू में स्नान करने या रामलला के दर्शन करने पर किसी तरह की रोक नहीं है।

संत मोहित राज महाराज ने भी जताई नाराजगी

अखिलेश यादव के प्रस्तावित दौरे का संत मोहित राज महाराज ने भी विरोध किया है। जिसमें उन्होंने कहा है कि साधु-संतों की बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा हुई है। साथ ही, उनका आरोप है कि जो लोग बाबर से लगाव रखते हैं, उन्हें राम मंदिर के बजाय उससे जुड़ी जगहों पर जाना चाहिए। वहीं, महंत नृत्य गोपाल दास के शिष्य महंत कमल नयन दास महाराज ने भी अखिलेश यादव के दौरे को चुनावी मौसम से जोड़कर देखा। उन्होंने लोगों से समाजवादी पार्टी के कथित वादों और राजनीतिक रणनीति से सावधान रहने की अपील की।

बीजेपी ने भी साधा अखिलेश यादव पर निशाना

बीजेपी नेता पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अखिलेश यादव को घेरा। जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि रामभक्ति दिखाने से पहले सपा प्रमुख को अपनी तुष्टीकरण की राजनीति पर पश्चाताप करना चाहिए। बीजेपी नेताओं का कहना है कि अखिलेश यादव का यह दौरा राजनीतिक फायदे से जुड़ा है।

सपा सरकार बनने पर अयोध्या बनेगी ग्लोबल कैपिटल

ऐसे में विवाद के बीच अखिलेश यादव ने अयोध्या के विकास को लेकर अपनी पार्टी का विजन भी सामने रखा है। उन्होंने कहा कि अगर 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो अयोध्या को ‘सनातन तीर्थयात्रा की ग्लोबल कैपिटल’ के रूप में विकसित किया जाएगा।

अखिलेश यादव ने अयोध्या की गरिमा और सम्मान वापस लाने की बात कही। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर के आसपास कथित चोरी और अव्यवस्थाओं के कारण स्थानीय अर्थव्यवस्था प्रभावित हुई है। सपा प्रमुख ने दावा किया कि उनकी सरकार बनने पर इन समस्याओं को दूर कर अयोध्या की अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। इस तरह अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे ने 2027 के चुनाव से पहले राम मंदिर, कारसेवक गोलीकांड और धार्मिक आस्था को लेकर यूपी की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है।

ये भी पढ़ें:अखिलेश यादव ने मनाया खजांची का जन्मदिन, कहा- भगवान सबके हैं, केदारेश्वर और मथुरा-वृंदावन भी जाएंगे

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...