Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने आज शुक्रवार को आगरा के नवीन सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता कर महिला सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी है। जिसमें उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ होने वाले उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और दहेज प्रताड़ना जैसे मामलों को गंभीरता से लेना बेहद जरूरी है। पीड़ित महिलाओं को समय पर न्याय मिले और उनकी शिकायतों का प्रभावी निस्तारण हो, यह आयोग की प्राथमिकता है।
प्रेस वार्ता के दौरान डॉ. बबीता सिंह चौहान ने कहा कि महिलाओं की शिकायतों पर पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए। किसी भी पीड़ित महिला को न्याय पाने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि शिकायतों का समयबद्ध और निष्पक्ष तरीके से समाधान किया जाए। जिसमें उन्होंने घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न और महिलाओं से जुड़े अन्य अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

महिला आयोग की अध्यक्ष ने प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन योजनाओं का लाभ हर पात्र महिला तक पहुंचना चाहिए। महिलाओं को जागरूक करने के साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास भी जरूरी हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, आज शुक्रवार को नवीन सर्किट हाउस में महिला जनसुनवाई का आयोजन भी किया गया। इसमें पीड़ित महिलाओं ने अपनी समस्याएं और शिकायतें आयोग की अध्यक्ष के सामने रखीं। डॉ. बबीता सिंह चौहान ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में महिला सुरक्षा, उत्पीड़न की रोकथाम और शिकायतों के त्वरित समाधान को लेकर चर्चा की गई।
ये भी पढ़ें: https://www.upkibaat.com/jalaun-irrigation-union-12-point-demands-protest-old-pension-scheme/