उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में रामकोला के खेतान मिल ग्राउंड में दशहरा मेले की भव्य तैयारियां हो चुकी हैं। मैदान में 75 फीट ऊंचे रावण के साथ कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले आकर्षण का केंद्र बनें। दशहरे के शुभ अवसर पर आज रात विधि-विधान के तीनों पुतलों का दहन होगा।
दशहरा मेले को लेकर क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। मेले में रावण दहन देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों से भी लोगों के जुटने की संभावना है। आयोजन को भव्य बनाने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

गौरतलब है कि पिछले दो वर्षों से बारिश के कारण रावण दहन का आयोजन प्रभावित रहा था, जिससे उत्सव की रौनक फीकी पड़ गई थी। ऐसे में इस बार भव्य आयोजन को लेकर लोगों में विशेष उत्साह है।
75 फीट ऊंचे रावण के पुतले के दहन के साथ ही बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया जाएगा। अब लोगों को शाम होने और रावण दहन के भव्य नजारे का इंतजार है।
विजयादशमी (दशहरा) का पावन पर्व हमें यह मुख्य संदेश देता है कि अधर्म, असत्य और अहंकार चाहे कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो, अंत में जीत हमेशा धर्म, सत्य और अच्छाई की ही होती है। रामायण में भगवान श्रीराम द्वारा लंकापति रावण का वध इसी शाश्वत सत्य का प्रतीक है।