1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. UP KI BAAT: उत्तर प्रदेश दिवस-2026 इस वर्ष और अधिक व्यापक, भव्य एवं वैश्विक स्वरूप में मनाया जाएगा – CM योगी

UP KI BAAT: उत्तर प्रदेश दिवस-2026 इस वर्ष और अधिक व्यापक, भव्य एवं वैश्विक स्वरूप में मनाया जाएगा – CM योगी

यूपी दिवस-2026 होगा और अधिक भव्य, व्यापक व वैश्विक...

By: Abhinav Tiwari  RNI News Network
Updated:
UP KI BAAT: उत्तर प्रदेश दिवस-2026 इस वर्ष और अधिक व्यापक, भव्य एवं वैश्विक स्वरूप में मनाया जाएगा – CM योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश दिवस-2026 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि इस वर्ष यह आयोजन और अधिक व्यापक, भव्य एवं वैश्विक स्वरूप में मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि 24 से 26 जनवरी, 2026 तक प्रस्तावित तीन दिवसीय समारोह के अंतर्गत राजधानी लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर मुख्य आयोजन के साथ-साथ प्रदेश के सभी जनपद मुख्यालयों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इसके साथ ही देश के सभी राजभवनों और विदेशों में स्थित भारतीय दूतावासों में भी उत्तर प्रदेश दिवस के कार्यक्रम सुनिश्चित किए जाएं।

प्रवासी उत्तर प्रदेशवासियों को सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के नागरिक आज देश और दुनिया के अनेक हिस्सों में अपनी पहचान बना चुके हैं। उत्तर प्रदेश दिवस ऐसा अवसर बने, जो प्रवासी उत्तर प्रदेशवासियों को उनकी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ सके। इसके लिए सभी राजभवनों के साथ समन्वय स्थापित कर संवादात्मक आयोजन किए जाएं, जिनमें प्रदेश सरकार के मंत्री भी भाग लेकर प्रवासी नागरिकों से संवाद करेंगे। विदेशों में भारतीय दूतावासों के माध्यम से भी यूपी दिवस के आयोजन को प्रभावी ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

यूपी दिवस केवल उत्सव नहीं, प्रदेश की पहचान का मंच

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस केवल एक औपचारिक उत्सव नहीं है, बल्कि यह प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक चेतना, आर्थिक शक्ति और विकास यात्रा को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी आयोजन गरिमामय, सुव्यवस्थित, नवाचारपूर्ण और व्यापक जनभागीदारी से युक्त हों।

जनपद से राज्य स्तर तक सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं

मुख्यमंत्री ने जनपद, मंडल और राज्य स्तर पर गायन, नृत्य, वादन और नाट्य प्रतियोगिताओं के आयोजन पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि जनपद स्तरीय समारोहों में जिले की विकास यात्रा पर आधारित विशेष फिल्म का प्रदर्शन भी अनिवार्य रूप से किया जाए।

उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान, विश्वकर्मा श्रम सम्मान और माटी कला बोर्ड सम्मान प्रदान किए जाएंगे। इसके माध्यम से उद्यमियों, खिलाड़ियों, महिलाओं, चिकित्सकों, वैज्ञानिकों और प्रगतिशील किसानों को सम्मानित कर प्रदेश की प्रतिभा और परिश्रम को राष्ट्रीय पहचान दी जाएगी।

ऐतिहासिक और वैचारिक विरासत पर आधारित नाट्य मंचन

प्रदेश की ऐतिहासिक और वैचारिक विरासत को जनमानस से जोड़ने के लिए धरती आबा बिरसा मुण्डा, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी, सरदार वल्लभ भाई पटेल, ‘वंदे मातरम्आ-नंद मठ’ और पुण्य श्लोका अहिल्याबाई होल्कर से जुड़े नाट्य मंचनों का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतेन्दु नाट्य अकादमी द्वारा ‘आनंद मठ’ पर आधारित विशेष नाट्य प्रस्तुति की जाएगी।

युवाओं की भागीदारी और आधुनिक तकनीक का उपयोग

मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि इस वर्ष आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदेश की संस्कृति और विकास यात्रा को प्रस्तुत किया जाएगा। इसके तहत 3-डी और फाइबर मॉडल, वर्चुअल रियलिटी, 360 डिग्री टूर, लघु फिल्में, क्विज प्रतियोगिताएं और छायाचित्र प्रदर्शनियां आयोजित होंगी। युवाओं और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय के छात्र ‘वंदे मातरम्’ और ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ थीम पर नृत्य-नाटिकाएं प्रस्तुत करेंगे।

जनउत्सव के रूप में मनाया जाएगा यूपी दिवस

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस को जनउत्सव का स्वरूप देने के लिए ओपन माइक, नुक्कड़ नाटक, कठपुतली थियेटर, रंगोली, पारंपरिक परिधान प्रतियोगिता, पाक-कला प्रतियोगिता और कला ग्राम जैसे आयोजन किए जाएंगे। आगरा, किराना, बनारस, हरिहरपुर, लखनऊ, रामपुर और बदायूं जैसे प्रतिष्ठित संगीत घरानों की विशेष प्रस्तुतियां भी इस आयोजन का हिस्सा होंगी।

यूपी दिवस-2026 बने प्रदेश की पहचान का प्रतीक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस-2026 प्रदेश की पहचान, आत्मगौरव और विकास यात्रा का प्रभावशाली प्रतीक बने। सभी कार्यक्रम समयबद्ध, समन्वित और उच्च गुणवत्ता के हों, ताकि यह आयोजन एक स्मरणीय और प्रेरणादायी जनउत्सव के रूप में स्थापित हो सके।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...