जापान/लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जापान दौरे के पहले ही दिन उत्तर प्रदेश को औद्योगिक निवेश के क्षेत्र में बड़ी सफलता मिली है। इस दौरान विभिन्न जापानी कंपनियों के साथ करीब 11 हजार करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इन निवेश प्रस्तावों से उत्तर प्रदेश में विनिर्माण क्षमता, औद्योगिक सहयोग और रोजगार के अवसरों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
जिन प्रमुख कंपनियों के साथ करार हुआ है, उनमें Kubota Corporation, Minda Corporation, Japan Aviation Electronics Industry, Nagase & Co. Ltd., Seiko Advance, O&O Group, Fuji Japanese JV और Fujisilvertech Concrete Pvt. Ltd. शामिल हैं।
वर्ष 1890 में स्थापित कुबोता कारपोरेशन जापान की अग्रणी बहुराष्ट्रीय कंपनियों में से एक है, जिसका मुख्यालय ओसाका में स्थित है। यह कंपनी कृषि और औद्योगिक मशीनरी निर्माण में वैश्विक पहचान रखती है। ट्रैक्टर, हार्वेस्टर, इंजन और कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट के साथ-साथ यह जल और पर्यावरण अवसंरचना समाधान जैसे पाइप, पंप और ट्रीटमेंट सिस्टम के क्षेत्र में भी कार्य करती है।

भारत में Escorts Kubota Limited के साथ साझेदारी के जरिए कंपनी फार्म मैकेनाइजेशन और विनिर्माण विस्तार को मजबूती दे रही है। इस MoU से उत्तर प्रदेश में कृषि यंत्रीकरण और औद्योगिक विकास को बड़ा लाभ मिलने की संभावना है।
मिंडा कारपोरेशन, जो स्पार्क मिंडा समूह का हिस्सा है, ऑटोमोटिव कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग की अग्रणी भारतीय कंपनी है। यह मैक्ट्रॉनिक्स, वायरिंग हार्नेस, सेंसर, प्लास्टिक इंटीरियर और ईवी सॉल्यूशंस प्रदान करती है।
वहीं जापान एविएशन इलेक्ट्रॉनिक्स इंडस्ट्री (JAE) ऑटोमोटिव और एयरोस्पेस सेक्टर के लिए एडवांस कनेक्टर्स और इलेक्ट्रॉनिक इंटरफेस सॉल्यूशंस में विशेषज्ञता रखती है। नागासे एंड कंपनी लिमिटेड के साथ सहयोग से केमिकल्स, एडवांस्ड मैटेरियल्स, मोबिलिटी सॉल्यूशंस और इलेक्ट्रॉनिक्स वैल्यू चेन को मजबूती मिलेगी। इन करारों से यूपी में एडवांस कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग को नई दिशा मिलेगी।
सीको एडवांस उच्च प्रदर्शन वाली स्क्रीन प्रिंटिंग इंक और कोटिंग सॉल्यूशंस के लिए जानी जाती है। इसके उत्पाद ऑटोमोटिव डीकल्स, इंडस्ट्रियल ग्राफिक्स, इलेक्ट्रॉनिक्स पैनल, ग्लास प्रिंटिंग और कंज्यूमर अप्लायंसेज में उपयोग किए जाते हैं। भारत में इसकी विनिर्माण इकाई पहले से सक्रिय है और नए निवेश से औद्योगिक प्रिंटिंग सेक्टर को विस्तार मिलेगा। इसके अलावा O&O Group ने उत्तर प्रदेश में हॉस्पिटैलिटी और रियल एस्टेट सेक्टर में निवेश को लेकर समझौता किया है, जिससे सेवा क्षेत्र और शहरी विकास को बढ़ावा मिलेगा।
जापान दौरे के पहले दिन हुए ये समझौते भारत-जापान औद्योगिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग और निवेश हब के रूप में स्थापित करने की रणनीति को इन MoU से बड़ा बल मिला है।