1. हिन्दी समाचार
  2. लखनऊ
  3. UP Weather: अचानक बदला मौसम, यूपी में बढ़ी ठंड; लखनऊ-कानपुर में बारिश, हरदोई में ओलावृष्टि

UP Weather: अचानक बदला मौसम, यूपी में बढ़ी ठंड; लखनऊ-कानपुर में बारिश, हरदोई में ओलावृष्टि

राजधानी लखनऊ में सुबह से ही मौसम बदला-बदला नजर आया। दिन चढ़ने के साथ करीब 10 बजे तेज हवाओं के साथ आसमान में काले घने बादल छा गए और कई इलाकों में जोरदार बारिश शुरू हो गई।

By: Abhinav Tiwari  RNI News Network
Updated:
UP Weather: अचानक बदला मौसम, यूपी में बढ़ी ठंड; लखनऊ-कानपुर में बारिश, हरदोई में ओलावृष्टि

उत्तर प्रदेश में मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं, घने बादलों और बारिश का दौर शुरू हो गया। इसके चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और ठंड व गलन बढ़ गई।

लखनऊ में काले बादल और तेज बारिश

राजधानी लखनऊ में सुबह से ही मौसम बदला-बदला नजर आया। दिन चढ़ने के साथ करीब 10 बजे तेज हवाओं के साथ आसमान में काले घने बादल छा गए और कई इलाकों में जोरदार बारिश शुरू हो गई। अचानक अंधेरा छा जाने से लोगों को दिन में ही रात जैसा अहसास हुआ। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई और सर्दी बढ़ गई।

कानपुर में भी बदला मिजाज

लखनऊ की तरह कानपुर में भी मौसम पूरी तरह बदल गया। 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं के साथ कई इलाकों में बारिश हुई। अचानक बदले मौसम के कारण लोग बारिश से बचते नजर आए और ठंड में इजाफा महसूस किया गया।

हरदोई में ओलावृष्टि, फसलों को नुकसान की आशंका

लखनऊ से सटे हरदोई जिले में मौसम ने और भी तीखा रूप लिया। यहां बिजली की चमक के साथ तेज ओलों की बरसात हुई। कछौना और बेहंदर क्षेत्रों में तेज रफ्तार ओले गिरने से दिन के समय में भी अंधेरा छा गया। तेज ओलावृष्टि और बर्फीली हवाओं के कारण सर्दी और गलन बढ़ गई है।

किसानों की बढ़ी चिंता

हरदोई में ओलावृष्टि और अचानक हुई बारिश से खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। किसानों के अनुसार तेज ओलों और बारिश से फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ा है, जिससे उनकी चिंता बढ़ गई है।

आगे कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले कुछ घंटों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रह सकता है। लोगों को सतर्क रहने और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...