जनपद गोरखपुर में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में एक महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। यह एमओयू मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर संपन्न हुआ। इसके तहत इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड अपनी सीएसआर निधि से ₹60 करोड़ का सहयोग गोरखपुर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण के लिए प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोरखपुर में बनने वाला यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम केवल एक खेल संरचना नहीं होगा, बल्कि पूर्वी उत्तर प्रदेश की उभरती खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम से क्षेत्र में खेल पर्यटन, निवेश और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि गोरखपुर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण के लिए इस वर्ष के बजट में आवश्यक प्राविधान किए गए हैं, जिससे परियोजना को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्टेडियम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश में खेल संस्कृति के विकास और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के विजन को आगे बढ़ाएगा। उन्होंने बताया कि ‘खेलो इंडिया’, ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ और ‘सांसद खेलकूद प्रतियोगिता’ जैसे अभियानों ने देश में खेल भावना और फिटनेस की संस्कृति को नई दिशा दी है। यह स्टेडियम भारत की खेल सामर्थ्य को प्रदर्शित करने और विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में सहायक होगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष के बजट में राज्य सरकार ने प्रत्येक मंडल में स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित करने की व्यवस्था की है। इन कॉलेजों को किसी एक विशेष खेल के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही मेरठ में मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का निर्माण कार्य भी तेज़ी से प्रगति पर है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वाराणसी में भी एक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम निर्माणाधीन है, जिसे जून 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। गोरखपुर और वाराणसी जैसे शहरों में अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम बनने से उत्तर प्रदेश की पहचान देश के अग्रणी खेल राज्यों में होगी।
मुख्यमंत्री ने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सार्वजनिक–निजी सहभागिता (PPP) का यह मॉडल राज्य के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने सीएसआर के माध्यम से सहयोग प्रदान करने के लिए इंडियन ऑयल के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर इंडियन ऑयल के चेयरमैन अरविंदर सिंह साहनी ने एमओयू को समूह के लिए गर्व का विषय बताते हुए मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि इंडियन ऑयल उत्तर प्रदेश के सर्वांगीण विकास में हर संभव सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री को इंडियन ऑयल द्वारा उत्तर प्रदेश के विकास में किए गए योगदान पर आधारित एक पुस्तिका भी भेंट की गई।
कुल परियोजना लागत: ₹392.94 करोड़
दर्शक क्षमता: 30,000
निर्माण मानक: पूर्णतः अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप
मुख्य सुविधाएं:
अत्याधुनिक पिच और प्रैक्टिस एरिया
फ्लड लाइट्स
आधुनिक ड्रेसिंग रूम
मीडिया सेंटर
हाई-एंड स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर
उद्देश्य: बड़े अंतरराष्ट्रीय मैचों की मेजबानी, युवा खिलाड़ियों का प्रशिक्षण और कौशल-विकास
निर्माण लक्ष्य: दिसंबर 2027
खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेज़ी से ‘स्पोर्ट्स पावर’ बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में प्रस्तावित यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम एक ऐतिहासिक उपलब्धि है और इससे गोरखपुर को स्पोर्ट्स सिटी के रूप में नई पहचान मिलेगी।