उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ में अशोक लीलैंड के इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर केंद्रीय भारी उद्योग एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी भी उपस्थित रहे।

उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्लांट में निर्मित ई-बस में सफर कर इलेक्ट्रिक वाहनों की आधुनिक तकनीक और सुविधाओं का प्रत्यक्ष अनुभव लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संयंत्र उत्तर प्रदेश को इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाने में अहम भूमिका निभाएगा।
अशोक लीलैंड का यह इलेक्ट्रिक वाहन मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लखनऊ के सरोजनी नगर क्षेत्र में लगभग 70 एकड़ भूमि पर विकसित किया गया है। इस संयंत्र में ई-बस, ई-ट्रेवलर और ई-लोडिंग वाहनों का निर्माण किया जाएगा। इससे न केवल प्रदेश में औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
केंद्रीय मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने इस अवसर पर कहा कि यह परियोजना सिर्फ उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह संयंत्र आत्मनिर्भर भारत और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के लक्ष्य को मजबूत करेगा तथा भारत के कार्बन उत्सर्जन को कम करने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।
ईवी प्लांट के शुभारंभ से उत्तर प्रदेश में हरित परिवहन को बढ़ावा मिलेगा और राज्य इलेक्ट्रिक वाहनों के निर्माण का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा। सरकार का मानना है कि इस तरह की परियोजनाएं न केवल आर्थिक विकास को गति देंगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगी।
धीरज हिंदुजा, एग्जीक्यूटिव चेयरमैन, अशोक लेलैंड ने कहा- हम राष्ट्रहित के लिए काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। अब समय आ गया है, जब हम सरकार की मदद से दुनिया को नई दिशा दिखा सकते हैं। अब कुछ भी मुश्किल नहीं है। उन्होंने कहा- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने मॉडर्न इंफ्रास्ट्रचर, लॉ एंड ऑर्डर और कनेक्टिविटी को मजबूत करके उद्योगों को उत्तर प्रदेश में आने के लिए एक मजबूत आधार दिया है।
1. मैन्युफैक्चरिंग प्लांट से युवाओं को सीधे नौकरी मिलेगी: योगी
योगी ने कहा- आज का समारोह पीएम मोदी की प्रेरणा से प्रदेश के प्रति उद्योगों के प्रति बढ़ते विश्वास का प्रतीक है। ग्लोबल वार्मिंग और ग्लोबल कूलिंग जैसे हालात नई-नई चुनौतियां खड़ी कर रही हैं। उस दिशा में किया जाने वाला काम है यह बस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट। इससे सीधे और अन्य तरीकों से युवाओं को नौकरी के विकल्प बनेंगे।
2. 2017 से पहले अराजकता चरम पर थी, अब असीमित संभावनाओं को परिणाम में बदल रहे: योगी
योगी ने कहा- 2017 से पहले अराजकता चरम पर थी। जो निवेश था, वो निकलने को तैयार था। अवसर का इंतजार कर रहे थे। 2017 में हम आए तो कहा कि यूपी असीमित संभावनाओं का प्रतीक है। कुछ लोगों ने अपने स्वार्थ के लिए इसे बदनाम किया। लेकिन, अब यह असीमित संभावनाओं को परिणाम में बदलने का प्रदेश बन गया है।
3. अब यूपी उपद्रव नहीं, उत्सव का प्रदेश: योगी
योगी ने कहा- 2017 से पहले क्या हालत थी, सभी जानते हैं। हर तरफ अराजकता फैली थी। लेकिन, अब यूपी उपद्रव नहीं, उत्सव का प्रदेश है। कोई महीना नही, हफ्ता नहीं, जब उत्सव न होता हो। अब यूपी बीमारू राज्य नहीं है। सबसे ज्यादा रिवेन्यू वाला प्रदेश है।