प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से जन भवन, लखनऊ में 23 जनवरी से 6 फरवरी 2026 तक ‘पशुपालन पखवाड़ा’ का आयोजन किया जा रहा है। इस पखवाड़े के 14वें दिन राज्यपाल द्वारा जन भवन स्थित गौशाला में गायों को रोटी एवं गुड़ खिलाकर गोसेवा की गई।

इस अवसर पर राज्यपाल ने गौशाला में मौजूद गायों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और अधिकारियों को स्वच्छता, समय पर खानपान तथा नियमित देखरेख सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गौशाला परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण भी किया और आवश्यक सुधारों के निर्देश दिए।

‘पशुपालन पखवाड़ा’ के अंतर्गत जन भवन के अधिकारी एवं कर्मचारी प्रतिदिन गौशाला पहुंचकर गायों को रोटी और गुड़ खिलाकर गोसेवा कर रहे हैं। यह पहल पशु कल्याण के प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी को दर्शाती है।

राज्यपाल की यह सहभागिता न केवल पशुपालन और गोसेवा को प्रोत्साहित करती है, बल्कि समाज में पशुओं के प्रति करुणा, संरक्षण और जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करती है। कार्यक्रम के दौरान जन भवन के अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।