गौतमबुद्धनगर। सूरजपुर थाना पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कंपनी में हुई चोरी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 3 करोड़ रुपये कीमत का इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल किया गया छोटा लोडर वाहन और तीन अवैध चाकू भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, वारदात 9 और 10 अक्टूबर 2026 की रात सूरजपुर औद्योगिक क्षेत्र के साइट-बी स्थित आईनोट्रोनिक्स कंपनी में हुई थी। आरोप है कि तीनों गिरफ्तार आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर कंपनी से बड़ी मात्रा में सामान चोरी किया था। मामले में थाना सूरजपुर में मुकदमा संख्या 578/2026 दर्ज किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 1,512 पेटीएम पीओएस ट्रांजेक्शन प्रिंटर मशीनें, 1,660 मोबाइल टाइप ट्रांजेक्शन मशीनें और 147 एयरटेल सेटअप बॉक्स बरामद किए हैं। इसके साथ ही एक बारकोड प्रिंटर, दो क्यूआर कोड स्कैनर, 10 मदरबोर्ड और अन्य सामान भी मिला है। चोरी में इस्तेमाल किए गए लोडर वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिलाल, सलमान और आदिल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी आदिल के खिलाफ अलीगढ़ और गौतमबुद्धनगर में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित की हैं। पुलिस आगे की कार्रवाई के लिए मामले की जांच कर रही है।