टोक्यो/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने समाजवादी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश को जानबूझकर अंधेरे में रखा गया था। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने कानून-व्यवस्था, बुनियादी ढांचे और निवेश के माहौल में व्यापक सुधार कर प्रदेश को विकास की नई राह पर आगे बढ़ाया है।
जापान के टोक्यो में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिना नाम लिए सपा सरकार और Akhilesh Yadav पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि जो लोग अंधेरे में काम करने के आदी होते हैं, उन्हें उजाला पसंद नहीं आता। अगर प्रवृत्ति डकैती की हो, तो राज्य को भी अंधेरे में रखा जाता है। हमने तय किया कि अगर उत्तर प्रदेश को भय और भ्रष्टाचार से मुक्त करना है, तो उसे उजाले में लाना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश की पहचान कर्फ्यू, दंगों और बिजली संकट से होती थी, जबकि आज प्रदेश दीपोत्सव, महाकुंभ और विकास कार्यों के लिए जाना जाता है। अब उत्तर प्रदेश दंगों और कर्फ्यू के कारण नहीं, बल्कि भव्य सांस्कृतिक आयोजनों और वैश्विक निवेश के कारण चर्चा में रहता है।
सीएम योगी ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में कनेक्टिविटी को मजबूत किया है, बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाया है और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ किया है। आज उत्तर प्रदेश में सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ग्रीन हाइड्रोजन, लॉजिस्टिक्स पार्क और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों जैसे क्षेत्रों में निवेश हो रहा है, जो पहले अकल्पनीय था।
मुख्यमंत्री ने अयोध्या में दीपोत्सव, काशी में देव दीपावली और मथुरा-वृंदावन में रंगोत्सव जैसे आयोजनों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये कार्यक्रम उत्तर प्रदेश में आए सकारात्मक बदलाव के प्रतीक हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने सहभागिता की, जबकि एक वर्ष में 156 करोड़ से ज्यादा पर्यटक उत्तर प्रदेश पहुंचे, जो राज्य में बढ़ती वैश्विक रुचि को दर्शाता है।
होली के अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापान में रह रहे भारतीय समुदाय से भारत और जापान-दोनों देशों के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दुनिया में जहां भी भारतीय मूल के लोगों को कठिनाई होती है, भारत हमेशा उनके साथ खड़ा रहता है।