1. हिन्दी समाचार
  2. गोरखपुर
  3. रिंग रोड के किसी भी स्थान पर न रहे संकुचन : सीएम योगी

रिंग रोड के किसी भी स्थान पर न रहे संकुचन : सीएम योगी

गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ताल रिंग रोड फेज-टू का निरीक्षण किया। अधिकारियों को संकुचन और जलभराव न होने के निर्देश, मई 2026 तक पूरा होगा निर्माण।

By: Abhinav Tiwari  RNI News Network
Updated:
रिंग रोड के किसी भी स्थान पर न रहे संकुचन : सीएम योगी

योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ताल रिंग रोड के किसी भी हिस्से में संकुचन (कंजेशन) नहीं दिखाई देना चाहिए। यदि कहीं भी अवरोध या तकनीकी समस्या है तो उसे समय रहते दूर कराया जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सड़क पर कहीं जलभराव की स्थिति न बने, इसके लिए प्रभावी ड्रेनेज सिस्टम सुनिश्चित किया जाए।

मोहद्दीपुर से सहारा इस्टेट तक निर्माणाधीन मार्ग का निरीक्षण

मुख्यमंत्री शनिवार शाम गोरखपुर में मोहद्दीपुर से सहारा इस्टेट तक रामगढ़ताल के किनारे निर्माणाधीन ताल रिंग रोड फेज-टू का निरीक्षण कर रहे थे। यह 4.20 किलोमीटर लंबा मार्ग ₹28.60 करोड़ की लागत से तैयार किया जा रहा है। परियोजना का निर्माण गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ले-आउट, ड्राइंग मैप और वीडियो प्रेजेंटेशन के माध्यम से सड़क निर्माण से जुड़े सभी तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से निर्माण के शुरुआती बिंदु पर संभावित कंजेशन को दूर करने के निर्देश दिए।

नालों की टैपिंग और ड्रेनेज सुधार के निर्देश

सीएम योगी ने सड़क किनारे बने नालों को टैप करने, जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने और बारिश के दौरान पानी जमा न होने देने के लिए ठोस व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए निर्माण की गुणवत्ता और डिज़ाइन पर कोई समझौता नहीं होना चाहिए।

मई 2026 तक पूरा होगा निर्माण कार्य

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि ताल रिंग रोड का निर्माण कार्य मई 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके साथ ही रिंग रोड से कनेक्ट सहारा इस्टेट के पास एक नई जेटी का भी निर्माण प्रस्तावित है।

अतिरिक्त कार्यों पर भी हो रहा निवेश

अधिकारियों ने बताया कि रिंग रोड परियोजना के अंतर्गत ₹13.33 करोड़ की अतिरिक्त लागत से सड़क किनारे रिटेनिंग वॉल, ड्रेन, एयर वाल्व चैंबर तथा मैनहोल की ऊंचाई बढ़ाने का कार्य भी कराया जा रहा है। इससे सड़क की मजबूती के साथ-साथ जल प्रबंधन भी बेहतर होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि ताल रिंग रोड न केवल यातायात को सुगम बनाएगी, बल्कि रामगढ़ताल क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और शहरी विकास को भी नई दिशा देगी।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...