1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. उत्तर प्रदेश विधान मंडल का बजट सत्र आज से शुरू, राज्यपाल के अभिभाषण के साथ होगी सत्र की औपचारिक शुरुआत

उत्तर प्रदेश विधान मंडल का बजट सत्र आज से शुरू, राज्यपाल के अभिभाषण के साथ होगी सत्र की औपचारिक शुरुआत

...

By: Abhinav Tiwari  RNI News Network
Updated:
उत्तर प्रदेश विधान मंडल का बजट सत्र आज से शुरू, राज्यपाल के अभिभाषण के साथ होगी सत्र की औपचारिक शुरुआत

उत्तर प्रदेश विधान मंडल का बजट सत्र वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आज, 9 फरवरी से प्रारंभ हो गया है। सत्र के पहले दिन विधान मंडल के दोनों सदनों-विधानसभा और विधान परिषद-को माननीय राज्यपाल आनंदी बेन पटेल संबोधित करेंगी। राज्यपाल का यह अभिभाषण आगामी बजट सत्र की दिशा और सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित करेगा।

10 फरवरी को शोक प्रस्ताव

10 फरवरी को सदन के वर्तमान एवं पूर्व सदस्यों के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की जाएगी। इस दौरान सदन की कार्यवाही दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए समर्पित रहेगी।

11 फरवरी को पेश होगा वर्ष 2026-27 का बजट

बजट सत्र का सबसे महत्वपूर्ण दिन 11 फरवरी (बुधवार) रहेगा, जब राज्य के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट विधानसभा में प्रस्तुत करेंगे। बजट पेश होने के बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के तहत विस्तृत चर्चा की जाएगी।

20 फरवरी तक चलेगा सत्र

विधान मंडल की कार्यवाही 13 फरवरी तक नियमित रूप से चलेगी। इसके बाद 14 और 15 फरवरी को शनिवार एवं रविवार होने के कारण सदन की बैठक नहीं होगी। 16 फरवरी से पुनः सदन की कार्यवाही शुरू होकर 20 फरवरी तक प्रस्तावित है।

सदन के सुचारु संचालन की अपील

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सभी सदस्यों से सदन के शांतिपूर्ण और सफल संचालन में सहयोग करने का अनुरोध किया है। वहीं नेता सदन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायकों से जनता से जुड़े मुद्दों को सदन में मजबूती से रखने और स्वस्थ, सकारात्मक चर्चा के माध्यम से प्रदेश के विकास को गति देने के लिए सरकार का सहयोग करने की अपील की है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...