लखनऊ स्थित इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान में योगी सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक एवं क्षमता वर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी और अपर मुख्य सचिव, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग आलोक कुमार ने की। बैठक में योजना की प्रगति, लक्ष्य पूर्ति और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से मंथन किया गया।
बैठक में आयुक्त एवं मिशन निदेशक ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि योगी सरकार का रोजगार सृजन मिशन है। इसका उद्देश्य नवाचार आधारित परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि योजना के शुभारंभ से अब तक 1.35 लाख युवाओं को ऋण वितरित किया जा चुका है। साथ ही 15 मार्च 2026 तक शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक दिन की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

मिशन निदेशक ने संयुक्त आयुक्त उद्योग एवं उपायुक्त उद्योग को क्षेत्रीय भ्रमण कर लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम युवा मोबाइल ऐप के व्यापक प्रचार-प्रसार पर बल देते हुए इसे कम से कम 50 हजार लोगों तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया। राज्य नोडल अधिकारी द्वारा जनपदवार और बैंकवार प्रगति, लंबित व अस्वीकृत आवेदनों की स्थिति तथा आगामी रोडमैप पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया।
अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योगी सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 की शेष अवधि में लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए पारदर्शी लाभार्थी चयन, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, इनोवेटिव परियोजनाओं और ऑनलाइन टूल्स के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया। साथ ही अधिकारियों और सीएम युवा फेलोज को फील्ड विजिट, तहसीलवार कैंप और नियमित समीक्षा के निर्देश दिए गए। योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई और मिडिलमैन व दलालों के खिलाफ कठोर कदम उठाने के संकेत भी दिए गए।
मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने कहा कि यह योजना स्वयं योगी आदित्यनाथ की अत्यंत महत्वाकांक्षी पहल है। उन्होंने अब तक 72 प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति पर संतोष व्यक्त करते हुए शेष लक्ष्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारियों को नियमित समीक्षा, महिलाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने, 50 हजार ऋण लाभार्थियों का इम्पैक्ट असेसमेंट, पश्चिमांचल में मंत्री स्तरीय समीक्षा बैठक तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सीएम युवा फेलोज को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। कमजोर प्रदर्शन करने वाले जनपदों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए।

बैठक के द्वितीय सत्र में सीएम युवा मोबाइल ऐप, सीएम युवा पोर्टल और यूपी मार्ट पोर्टल पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। इसमें आवेदन प्रक्रिया से लेकर ऋण वितरण, उद्योग स्थापना के छह माह बाद सेल्फ वेरिफिकेशन, बैंक और डीआईसी स्तर पर सत्यापन तथा प्रगति मॉनिटरिंग की जानकारी दी गई। यूपी मार्ट पोर्टल के माध्यम से मशीनरी सप्लायर्स को एकीकृत प्लेटफॉर्म पर लाने पर भी चर्चा हुई।
कार्यक्रम का समापन प्रश्नोत्तर सत्र के बाद राज्य नोडल अधिकारी सर्वेश्वर शुक्ला द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, बैंकों के नोडल अधिकारी, सीएम युवा फेलोज और जिला स्तर के अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।