ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की गति पर लगी पाबंदी हटा ली गई है। अब एक्सप्रेस-वे पर हल्के वाहन 100 किमी/घंटा और भारी वाहन 80 किमी/घंटा की अधिकतम गति से चल सकेंगे। यह संशोधित गति सीमा 15 फरवरी की रात 12 बजे से प्रभावी कर दी गई है।
प्रबंधन के अनुसार, 15 दिसंबर 2025 को कोहरे और प्रतिकूल मौसम को देखते हुए सुरक्षा कारणों से गति सीमा घटाकर हल्के वाहनों के लिए 75 किमी/घंटा और भारी वाहनों के लिए 60 किमी/घंटा कर दी गई थी। मौसम में सुधार होने के बाद अब पुरानी गति सीमा दोबारा लागू कर दी गई है।
ग्रेटर नोएडा से आगरा तक 165 किलोमीटर लंबा यमुना एक्सप्रेस-वे गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा और आगरा जिलों से होकर गुजरता है। यह मार्ग दिल्ली-एनसीआर को ब्रज और आगरा क्षेत्र से जोड़ने वाला प्रमुख कॉरिडोर है।
एक्सप्रेस-वे पर प्रतिदिन करीब 35 हजार वाहन गुजरते हैं। वीकेंड, त्योहारों और लंबी छुट्टियों के दौरान यह संख्या 50 हजार तक पहुंच जाती है। यातायात घनत्व को देखते हुए प्रबंधन ने सुरक्षा मानकों के साथ गति सीमा बहाल की है।
इसी क्रम में नोएडा एक्सप्रेस-वे और नोएडा जोनल सड़कों की स्पीड लिमिट भी पहले जैसी की जा रही है। कोहरे के कारण अस्थायी रूप से घटाई गई सीमाएं अब सामान्य स्थिति में लौट रही हैं।