मैनपुरी: समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने गाजीपुर में हुए पुलिस एनकाउंटर को लेकर प्रदेश सरकार और कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। मैनपुरी में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि यदि पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर सकती थी तो फिर एनकाउंटर की जरूरत क्यों पड़ी। उन्होंने कहा कि यह मामला अपने आप में कानून व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
डिंपल यादव ने कहा कि भाजपा सरकार नहीं चाहती कि शासन और प्रशासन नियम-कानून के अनुसार चले। उन्होंने आरोप लगाया कि जब व्यवस्था में गलतियां होंगी तो जनता का आक्रोश स्वाभाविक रूप से सामने आएगा।


कल प्रस्तावित युवा प्रदर्शन को लेकर पूछे गए सवाल पर सपा सांसद ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा युवाओं के मुद्दों के साथ खड़ी रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी लगातार जनहित के विषयों को मजबूती से उठाती रही है और जनता का विश्वास समाजवादी पार्टी के साथ है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित सबसे लंबे कार्यकाल को लेकर पूछे गए सवाल पर डिंपल यादव ने कहा कि सरकार का कामकाज जनता के सामने है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था और प्रतियोगी परीक्षाओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि छात्रों की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने दावा किया कि कई छात्र मानसिक दबाव में हैं, लेकिन सरकार जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है।

आर्थिक मुद्दों पर भी उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि देश की अर्थव्यवस्था नाजुक दौर से गुजर रही है और इसके प्रभाव भविष्य में दिखाई दे सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की भावनाओं और समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही है।
गाय माता को राष्ट्रीय माता घोषित किए जाने की मांग को लेकर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की यात्रा और समाजवादी पार्टी के समर्थन पर डिंपल यादव ने कहा कि यह कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है। उन्होंने कहा कि जो लोग इस अभियान का समर्थन कर रहे हैं, वे सामाजिक और धार्मिक भावना के आधार पर इसके साथ खड़े हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर पूछे गए सवाल पर डिंपल यादव ने कहा कि किसी भी नेता का आकलन उसकी भाषा और व्यवहार से किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जनता स्वयं तय कर सकती है कि कौन अपने विचारों और आचरण में कितना प्रतिबद्ध है।
रिपोर्ट : सत्येंद्र कुमार