1. हिन्दी समाचार
  2. नोएडा
  3. Simplast Group का यमुना क्षेत्र में ₹70 करोड़ निवेश, 50% एफडीआई से बढ़ेगा औद्योगिक विकास

Simplast Group का यमुना क्षेत्र में ₹70 करोड़ निवेश, 50% एफडीआई से बढ़ेगा औद्योगिक विकास

इटली की Simplast Group यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में ₹70 करोड़ निवेश से नई विनिर्माण इकाई स्थापित करेगी। परियोजना में 50% एफडीआई शामिल, रोजगार और निर्यात को मिलेगा बढ़ावा।

By: Abhinav Tiwari  RNI News Network
Updated:
Simplast Group का यमुना क्षेत्र में ₹70 करोड़ निवेश, 50% एफडीआई से बढ़ेगा औद्योगिक विकास

इटली आधारित वैश्विक कंपनी Simplast Group ने उत्तर प्रदेश के यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र में ₹70 करोड़ के निवेश से नई विनिर्माण इकाई स्थापित करने की घोषणा की है। इस परियोजना में 50 प्रतिशत विदेशी प्रत्यक्ष निवेश (FDI) शामिल है। यह निवेश न केवल भारत-इटली औद्योगिक सहयोग को मजबूती देगा, बल्कि यमुना क्षेत्र को एक वैश्विक विनिर्माण हब के रूप में विकसित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

ऑटोमोबाइल उद्योग को मिलेगा तकनीकी लाभ

Simplast Group ऑटोमोबाइल सेक्टर के लिए उन्नत प्लास्टिक एवं रोटेशनल मोल्डिंग उत्पादों के निर्माण में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी कंपनी है। यमुना क्षेत्र में स्थापित होने वाली यह नई इकाई आधुनिक यूरोपीय तकनीक, अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता नियंत्रण मानकों और अत्याधुनिक उत्पादन प्रक्रियाओं से लैस होगी। इससे भारत में उच्च गुणवत्ता वाले ऑटोमोटिव कंपोनेंट्स के निर्माण को बढ़ावा मिलेगा।

रोजगार सृजन और कौशल विकास

इस परियोजना से कुशल, अर्द्ध-कुशल और अकुशल श्रमिकों के लिए प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इसके साथ ही आपूर्तिकर्ताओं, लॉजिस्टिक्स, परिवहन और स्थानीय व्यवसायों के माध्यम से अप्रत्यक्ष रोजगार भी बढ़ेगा। कंपनी द्वारा स्थानीय कार्यबल को वैश्विक मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र में कौशल विकास और औद्योगिक दक्षता में वृद्धि होगी।

औद्योगिक इकोसिस्टम को मिलेगी मजबूती

Simplast Group की इस इकाई से सहायक उद्योगों, एमएसएमई इकाइयों और सप्लाई चेन नेटवर्क को गति मिलेगी। इससे यमुना क्षेत्र का औद्योगिक इकोसिस्टम और अधिक मजबूत होगा तथा क्षेत्रीय औद्योगिक विकास को तेज रफ्तार मिलेगी।

‘मेक इन इंडिया’ और निर्यात को बढ़ावा

यह परियोजना भारत सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ पहल और यमुना क्षेत्र के औद्योगिक विकास विजन के अनुरूप है। नई इकाई घरेलू के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिए भी उत्पादन करेगी। इससे उत्तर प्रदेश से निर्यात बढ़ेगा, विदेशी मुद्रा अर्जन में इजाफा होगा और वैश्विक प्रतिस्प्पर्धात्मकता को मजबूती मिलेगी।

19 फरवरी 2026 को सौंपा गया एलओआई

इस संबंध में 19 फरवरी 2026 को राकेश सिंह, मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO), YEIDA ने Simplast Group को 3 एकड़ भूमि आवंटन के लिए एलओआई (Letter of Intent) सौंपा। इस अवसर पर शैलेन्द्र कुमार भाटिया, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (आईएएस) भी उपस्थित रहे। Simplast Group का यह निवेश यमुना क्षेत्र में विदेशी पूंजी प्रवाह, आधुनिक तकनीक और रोजगार सृजन को नई दिशा देगा। यह परियोजना उत्तर प्रदेश को वैश्विक औद्योगिक मानचित्र पर और मजबूत स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...