1. हिन्दी समाचार
  2. लखनऊ
  3. Lucknow: यूपी की पहली इंटरनेशनल फिल्म सिटी में होगी ‘मॉम-2’ की शूटिंग

Lucknow: यूपी की पहली इंटरनेशनल फिल्म सिटी में होगी ‘मॉम-2’ की शूटिंग

जेवर में तेज़ हुई तैयारियां, 20 दिन में बनेगा शूटिंग सेट...

By: Abhinav Tiwari  RNI News Network
Updated:
Lucknow: यूपी की पहली इंटरनेशनल फिल्म सिटी में होगी ‘मॉम-2’ की शूटिंग

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट इंटरनेशनल फिल्म सिटी ने अब ज़मीनी रफ्तार पकड़ ली है। गौतमबुद्ध नगर के जेवर क्षेत्र में विकसित की जा रही उत्तर प्रदेश की पहली इंटरनेशनल फिल्म सिटी में पहली शूटिंग के तौर पर फिल्म ‘मॉम-2’ का फिल्मांकन होने जा रहा है। परियोजना स्थल पर सेट निर्माण के लिए लैंड मैपिंग शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के मुताबिक, मैपिंग पूरी होने के बाद लगभग 20 दिनों में शूटिंग सेट तैयार कर लिया जाएगा।

फरवरी के अंत या मार्च की शुरुआत में शुरू हो सकती है शूटिंग

तैयारियों के अनुसार, फरवरी के अंत या मार्च की शुरुआत में ‘मॉम-2’ की शूटिंग शुरू होने की संभावना है। यह कदम फिल्म सिटी की औपचारिक शुरुआत से पहले ही प्रदेश में फिल्म निर्माण गतिविधियों के आरंभ का संकेत देता है।

बोनी कपूर-भूटानी ग्रुप का जॉइंट वेंचर कर रहा है निर्माण

इंटरनेशनल फिल्म सिटी का निर्माण बोनी कपूर और भूटानी ग्रुप के जॉइंट वेंचर बेव्यू भूटानी फिल्म सिटी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। कंपनी ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के साथ एग्रीमेंट साइन किया है। लेआउट प्लान की मंजूरी के बाद पहले चरण की तैयारियां तेज़ कर दी गई हैं।

निर्माण कार्य भी जल्द शुरू, उद्घाटन की तैयारी

बेव्यू भूटानी फिल्म सिटी के जीएम राजीव अरोड़ा के अनुसार, शूटिंग की तैयारी के साथ-साथ फिल्म सिटी के निर्माण कार्य की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। जल्द ही माननीय सीएम योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री के करकमलों से विधिवत शुभारंभ होने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि बोनी कपूर की कंपनी ने 2017 में रिलीज़ हुई फिल्म ‘मॉम’ का निर्माण किया था, और अब इसके सीक्वल की शूटिंग यूपी में करने का निर्णय लिया गया है।

यमुना एक्सप्रेसवे सेक्टर-21 में विकसित हो रही फिल्म सिटी

इंटरनेशनल फिल्म सिटी यमुना एक्सप्रेसवे के सेक्टर-21 में विकसित की जा रही है। जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निकट स्थित यह परियोजना आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, बेहतरीन कनेक्टिविटी और वर्ल्ड-क्लास सुविधाओं से लैस होगी।

सीएम योगी का विजन: यूपी बने एंटरटेनमेंट हब

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का लक्ष्य उत्तर प्रदेश को फिल्म, ओटीटी, वेब सीरीज़ और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री का राष्ट्रीय–अंतरराष्ट्रीय केंद्र बनाना है। उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि ‘मॉम-2’ जैसी फिल्म की शूटिंग से यह स्पष्ट होता है कि यूपी की फिल्म पॉलिसी और इंफ्रास्ट्रक्चर पर इंडस्ट्री का भरोसा तेजी से बढ़ रहा है। आने वाले समय में यह फिल्म सिटी मुंबई सहित अन्य फिल्म निर्माण केंद्रों का मज़बूत विकल्प बन सकती है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...