उत्तर प्रदेश की योगी सरकार राज्य की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने और यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ करने के लिए एक बड़ी योजना पर काम कर रही है। प्रदेश के 10 प्रमुख अंचलों – लखनऊ, गाजियाबाद, कानपुर, अयोध्या, आगरा, गोरखपुर, वाराणसी, बरेली, प्रयागराज और आजमगढ़ – में कुल 237 सेतुओं का निर्माण किया जा रहा है। इनमें 116 नदी सेतु, 96 रेल ओवर ब्रिज, 12 फ्लाइओवर और 13 अन्य संरचनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं पर कुल 16,967 करोड़ रुपये की लागत आएगी और निर्माण कार्य उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड के माध्यम से कराया जा रहा है
अब तक 61 परियोजनाओं पर 76 से 99 प्रतिशत तक कार्य पूरा हो चुका है, जबकि 60 परियोजनाओं पर 51 से 75 प्रतिशत तक और 33 परियोजनाओं पर 26 से 50 प्रतिशत तक काम हुआ है। लखनऊ अंचल में सर्वाधिक 47 परियोजनाओं पर कार्य हो रहा है, जिनकी लागत 3427 करोड़ रुपये है। गाजियाबाद में 38, कानपुर और अयोध्या में 26-26, गोरखपुर में 24, आगरा में 23, वाराणसी में 22, बरेली में 13, प्रयागराज में 10 और आजमगढ़ में 8 निर्माण कार्य प्रगति पर हैं।
लोकनिर्माण विभाग के अनुसार 116 नदी सेतुओं पर लगभग 6123 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं जबकि 96 रेल ओवरब्रिज पर 7557 करोड़, 12 फ्लाइओवर पर 1540 करोड़ और अन्य 13 कार्यों पर 1745 करोड़ रुपये की लागत प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी कार्यों को गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। यह परियोजनाएं न सिर्फ यातायात की सुविधा बढ़ाएंगी बल्कि औद्योगिक विकास, व्यापार और जनजीवन को भी नई रफ्तार देंगी।