अलीगढ़ में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को बड़ी छापेमारी की कार्रवाई की। इस दौरान होटल, ढाबों और कैटरिंग प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
जांच के दौरान विभागीय टीम को कई स्थानों पर खराब और अस्वच्छ खाद्य सामग्री मिली, जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। इसमें बेसन घोल, आलू की सब्जी, जलेबी, कचौड़ी और अन्य खाद्य पदार्थ शामिल थे, जिनका कुल वजन करीब 106 किलो था।
निरीक्षण के दौरान अलग-अलग प्रतिष्ठानों से बेसन घोल, रिफाइंड तेल, आलू पकौड़े, मैदा और अन्य खाद्य सामग्री के कुल 5 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं, ताकि उनकी गुणवत्ता की पुष्टि की जा सके।
जांच में कई जगह गंभीर स्वच्छता खामियां सामने आईं। एक कैटरिंग गोदाम में सफाई की स्थिति खराब मिलने पर उसे सुधार होने तक बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया कि मानकों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य विभाग ने कहा है कि रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी और जांच अभियान जारी रहेगा, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।