विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर जन भवन, लखनऊ में एक महत्वपूर्ण जनहितकारी पहल के तहत एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह एमओयू सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया, पुणे और जन भवन, उत्तर प्रदेश के मध्य आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा, मार्गदर्शन एवं गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।

इस एमओयू के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के आठ आकांक्षी जनपद-चित्रकूट, फतेहपुर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, चंदौली एवं सोनभद्र-के आदिवासी एवं जनजातीय क्षेत्रों में निवासरत 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन प्रदान की जाएगी। कुल 3 लाख डोज वैक्सीन उपलब्ध कराए जाने का प्रावधान है, जिससे लगभग डेढ़ लाख बालिकाएं लाभान्वित होंगी।

सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन के उद्देश्य से संचालित इस अभियान की शुरुआत जन भवन, लखनऊ में जनपद बहराइच स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, बोझिया की 25 बालिकाओं को निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण कर की गई।

इस अवसर पर राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने कहा कि 9 से 14 वर्ष की आयु में बालिकाओं का समय पर एचपीवी टीकाकरण उन्हें भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करेगा। उन्होंने कहा कि कैंसर का प्रभाव केवल व्यक्ति ही नहीं, पूरे परिवार पर पड़ता है, ऐसे में वैक्सीन निर्माण और निःशुल्क टीकाकरण जैसे प्रयास अत्यंत सराहनीय और जनहितकारी हैं।

राज्यपाल ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन की पहल सर्वप्रथम जन भवन द्वारा की गई थी। उनकी प्रेरणा से अब तक प्रदेश में 40 हजार से अधिक बालिकाओं को निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण प्रदान किया जा चुका है। उन्होंने इस अभियान में गैर-सरकारी संगठनों की सक्रिय भूमिका की भी सराहना की।

राज्यपाल ने बालिकाओं को सशक्त, स्वस्थ और मानसिक रूप से प्रफुल्लित रहने का संदेश देते हुए संतुलित और पौष्टिक आहार अपनाने पर बल दिया। उन्होंने मिलेट्स, दालों और सब्जियों के अधिक सेवन की सलाह दी तथा विद्यालयों में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता पर सतत निगरानी की आवश्यकता बताई। उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा के प्रति निरंतर प्रयासरत रहने और आगे बढ़ने का संकल्प भी दिलाया।

राज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एचपीवी वैक्सीन की तीनों डोज समय पर सुनिश्चित की जाएं और टीकाकरण के बाद बालिकाओं को प्रमाण-पत्र अवश्य दिए जाएं, जिससे अगली डोज देना आसान हो सके।

कार्यक्रम में सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया के प्रमुख कर्नल संदीप कौशल, युवा अनस्टॉपेबल (अहमदाबाद) के प्रमुख ऋषि कुमार, सीरम इंस्टिट्यूट के एडिशनल डायरेक्टर हिट्ट शर्मा, विशेष सचिव श्रीप्रकाश गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी बहराइच मुकेश चंद्र, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय की अध्यापिकाएं व बालिकाएं, राजभवन चिकित्सालय के चिकित्सक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की संक्षिप्त रूपरेखा विशेष कार्याधिकारी (अपर मुख्य सचिव स्तर) डॉ. सुधीर महादेव बोबडे द्वारा प्रस्तुत की गई।