1. हिन्दी समाचार
  2. अथॉरिटी की बात
  3. यमुना एक्सप्रेसवे टॉय पार्क में निवेश को मिली रफ्तार, 154 में से 143 भूखंड आवंटित, 15 निवेशकों के भवन मानचित्र स्वीकृत

यमुना एक्सप्रेसवे टॉय पार्क में निवेश को मिली रफ्तार, 154 में से 143 भूखंड आवंटित, 15 निवेशकों के भवन मानचित्र स्वीकृत

योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार का फोकस केवल औद्योगिक परियोजनाओं को मंजूरी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें समयबद्ध रूप से धरातल पर उतारने पर भी है।

By: Abhinav Tiwari  RNI News Network
Updated:
यमुना एक्सप्रेसवे टॉय पार्क में निवेश को मिली रफ्तार, 154 में से 143 भूखंड आवंटित, 15 निवेशकों के भवन मानचित्र स्वीकृत

यमुना विकास क्षेत्र के औद्योगिक सेक्टर-33 में विकसित किए जा रहे टॉय पार्क में निवेश और निर्माण, दोनों स्तरों पर तेजी देखने को मिल रही है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा टॉय पार्क के लिए आरक्षित लगभग 100 एकड़ भूमि पर कुल 154 औद्योगिक भूखंड नियोजित किए गए हैं, जिनमें से 143 भूखंडों का आवंटन पूरा हो चुका है। यह स्थिति उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश को लेकर निवेशकों के बढ़ते भरोसे को दर्शाती है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीति का असर

योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार का फोकस केवल औद्योगिक परियोजनाओं को मंजूरी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें समयबद्ध रूप से धरातल पर उतारने पर भी है। यमुना एक्सप्रेसवे पर विकसित हो रहा यह टॉय पार्क इसी नीति का सशक्त उदाहरण बनकर उभर रहा है। पारदर्शी भूखंड आवंटन, तेज लीज प्रक्रिया और सक्रिय निर्माण गतिविधियों के चलते उत्तर प्रदेश देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।

120 आवंटियों को जारी की गई चेकलिस्ट

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण की रिपोर्ट के अनुसार, टॉय पार्क में आवंटित 143 भूखंडों में से 124 निवेशकों ने अपने लीज प्लान प्रस्तुत कर दिए हैं, जबकि 19 मामलों में लीज प्लान अभी प्राप्त नहीं हुए हैं। इन निवेशकों को एक माह के भीतर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। अब तक 120 आवंटियों को चेकलिस्ट जारी की जा चुकी है, जबकि 4 मामलों में यह प्रक्रिया प्रगति पर है।

76 निवेशकों को मिला भूमि का पजेशन

भूमि हस्तांतरण के स्तर पर भी परियोजना ने ठोस प्रगति की है। अब तक 108 निवेशकों के पक्ष में लीज डीड निष्पादित की जा चुकी है, वहीं 76 निवेशकों को विधिवत भूमि का पजेशन भी सौंप दिया गया है। इसके साथ ही टॉय पार्क परियोजना अब कागजी प्रक्रिया से आगे बढ़कर वास्तविक निर्माण चरण में प्रवेश कर चुकी है।

निर्माण गतिविधियां भी हुईं शुरू

निर्माण की दिशा में भी उल्लेखनीय प्रगति सामने आई है। अब तक 15 निवेशकों के भवन मानचित्र स्वीकृत किए जा चुके हैं, जबकि 4 औद्योगिक इकाइयों में निर्माण कार्य भी प्रारंभ हो गया है। सरकार का स्पष्ट निर्देश है कि आवंटन के साथ-साथ परियोजनाएं तय समयसीमा में जमीन पर उतरें, जिससे रोजगार सृजन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिल सके।

दूसरे चरण में 7 भूखंडों का अधिग्रहण जारी

प्राधिकरण के अनुसार, टॉय पार्क के दूसरे चरण में प्रस्तावित 11 भूखंडों में से 4 भूखंडों की भूमि उपलब्ध हो चुकी है, जिन्हें नई योजना के तहत प्रकाशित किया गया है। शेष 7 भूखंड, जिनका कुल क्षेत्रफल लगभग 6.71 एकड़ है, अभी आवंटन से शेष हैं। इन भूखंडों के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज़ी से आगे बढ़ाई जा रही है, ताकि इन्हें भी शीघ्र निवेशकों को उपलब्ध कराया जा सके।

टॉय इंडस्ट्री के लिए आधुनिक औद्योगिक इकोसिस्टम

टॉय पार्क में खिलौना उद्योग से जुड़ी विभिन्न विनिर्माण इकाइयों की स्थापना का प्रस्ताव है। इसमें प्लास्टिक, लकड़ी, फैब्रिक, धातु और इलेक्ट्रॉनिक खिलौनों के निर्माण से संबंधित गतिविधियां शामिल होंगी। साथ ही कॉमन फैसिलिटी सेंटर, डिजाइन, पैकेजिंग, टेस्टिंग, वेयरहाउसिंग और लॉजिस्टिक्स से जुड़ा आधुनिक आधारभूत ढांचा विकसित किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त एमएसएमई और स्टार्टअप्स को औद्योगिक गतिविधियों से जोड़ने, कौशल विकास को बढ़ावा देने और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन की भी परिकल्पना की गई है। उद्देश्य है कि यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र को खिलौना उद्योग के एक संगठित और सशक्त औद्योगिक हब के रूप में विकसित किया जा सके।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...