वाराणसी। काशी में भारतीय वायुसेना के मेगा एयर शो ‘विंग्स ओवर गंगा’ को लेकर उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में नमामि गंगे के सदस्यों ने सामने घाट पर मां गंगा की विशेष आरती की। इस दौरान ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष, डमरुओं की थाप और पुष्पवर्षा के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति और समृद्धि की कामना की गई।
25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो के मुख्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सहभागिता को देखते हुए आयोजित आरती में भारतीय संस्कृति और आधुनिक सैन्य शक्ति के समन्वय को रेखांकित किया गया। आयोजकों ने श्री काशी विश्वनाथ और मां गंगा से देश के सर्वांगीण विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए आशीर्वाद मांगा। आरती के दौरान तिरंगे के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर और स्वदेशी तकनीक से जुड़े सैन्य विमानों एवं हेलीकॉप्टरों के चित्र भी प्रदर्शित किए गए। इस पहल के जरिए ‘मेक इन इंडिया’ अभियान और देश में रक्षा तकनीक के विकास के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
गंगा के ऊपर आयोजित भारतीय वायुसेना का ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो देश की सैन्य क्षमताओं और विमानन कौशल को प्रदर्शित करने वाला प्रमुख आयोजन है। गंगा सेवक राजेश शुक्ला ने इसे भारतीय वायुसेना के शौर्य और तकनीकी दक्षता का शानदार प्रदर्शन बताया। उन्होंने कहा कि विमानों की गर्जना और आसमान में उनके करतबों ने काशी में राष्ट्रभक्ति का वातावरण बनाया है। इस आयोजन के माध्यम से लोगों को भारतीय वायुसेना की क्षमताओं और देश की रक्षा तैयारियों को करीब से देखने का अवसर मिल रहा है।

एयर शो में 20 से अधिक विमानों की भागीदारी बताई गई है। इनमें स्वदेशी तकनीक से निर्मित तेजस लड़ाकू विमान, ध्रुव हेलीकॉप्टर और प्रचंड हेलीकॉप्टर विशेष आकर्षणों में शामिल हैं। इन विमानों और हेलीकॉप्टरों की क्षमताओं का प्रदर्शन रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी अनुसंधान, तकनीकी विकास और विनिर्माण के महत्व को सामने लाता है। आयोजन से ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संदेश को भी मजबूती मिलती है।
नमामि गंगे की ओर से आयोजित आरती का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय गौरव और स्वदेशी रक्षा तकनीक के प्रति जनजागरूकता को बढ़ावा देना रहा। गंगा तट पर धार्मिक परंपराओं के साथ आधुनिक सैन्य उपलब्धियों का उल्लेख काशी की सांस्कृतिक पहचान और देश की तकनीकी प्रगति के बीच एक सुंदर जुड़ाव प्रस्तुत करता है। ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो के जरिए वाराणसी में भारतीय वायुसेना के कौशल, स्वदेशी तकनीक और राष्ट्रीय गौरव को एक साथ देखने का अवसर मिल रहा है।