1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मथुरा में “संभव संतुष्टि एवं समृद्धि” अभियान के तहत जनसुनवाई, कई शिकायतों का मौके पर हुआ समाधान

मथुरा में “संभव संतुष्टि एवं समृद्धि” अभियान के तहत जनसुनवाई, कई शिकायतों का मौके पर हुआ समाधान

मथुरा नगर निगम के "संभव संतुष्टि एवं समृद्धि" अभियान के तहत आयोजित जनसुनवाई में नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने नागरिकों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। भूतेश्वर, सिटी और वृंदावन जोन में प्राप्त शिकायतों में से कई का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।

By: BS Yadav  RNI News Network
Updated:
मथुरा में “संभव संतुष्टि एवं समृद्धि” अभियान के तहत जनसुनवाई, कई शिकायतों का मौके पर हुआ समाधान

मथुरा नगर निगम द्वारा प्रत्येक मंगलवार आयोजित किए जाने वाले “संभव संतुष्टि एवं समृद्धि” अभियान के अंतर्गत इस सप्ताह भी जनसुनवाई का आयोजन किया गया। नगर निगम मुख्यालय भूतेश्वर में आयोजित इस कार्यक्रम में नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने स्वयं नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए।

तीनों जोन में हुई जनसुनवाई

सुबह 10 बजे से शुरू हुई जनसुनवाई के दौरान भूतेश्वर स्थित नगर निगम मुख्यालय में नगर आयुक्त ने लोगों की शिकायतें सुनीं। वहीं सिटी जोन के जनरल गंज कार्यालय में अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार तथा वृंदावन जोनल कार्यालय में सहायक नगर आयुक्त अनुज कौशिक ने भी नागरिकों की समस्याओं का संज्ञान लिया। इस दौरान नगर निगम के सभी विभागाध्यक्ष एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

भूतेश्वर जोन में सबसे अधिक शिकायतें दर्ज

भूतेश्वर जोन में कुल 11 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें प्रकाश व्यवस्था से जुड़ी 4, सफाई से संबंधित 5, टैक्स विभाग की 1 तथा जल विभाग की 1 शिकायत शामिल रही। इनमें से तीन शिकायतों का तत्काल समाधान कराया गया, जिनमें एक स्ट्रीट लाइट, एक सफाई और एक जलभराव से संबंधित मामला शामिल था।

 

सिटी और वृंदावन जोन की शिकायतों पर भी हुई कार्रवाई

सिटी जोन में कुल दो शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें एक सफाई व्यवस्था और दूसरी जलकल विभाग से संबंधित थी। वहीं वृंदावन जोन में सड़क मरम्मत से जुड़ी दो शिकायतें प्राप्त हुईं। संबंधित अधिकारियों को इन मामलों में भी निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

समयबद्ध समाधान पर दिया गया जोर

नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने अधिकारियों से कहा कि सभी लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का पारदर्शी, त्वरित और प्रभावी समाधान उपलब्ध कराना है।

अधिकारी रहे मौजूद

जनसुनवाई के दौरान अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह, सहायक नगर आयुक्त नीरज शर्मा, मुख्य अभियंता (निर्माण) संजय सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी नरेंद्र यादव, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष पाल, अधिशासी अभियंता एवं सहायक अभियंता (जल) हेमेंद्र गौतम सहित नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...